पांवटा साहिब में लॉक डाउन व कर्फ्यू के दौरान पांवटा पुलिस ने एक दुकानदार व खरीददार पर प्रतिबंधित सामान बेचने व खरीदने पर कार्यवाही की है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम बद्रीपुर के नजदीक मौजूद थी, तो पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति कमल बंसल बद्रीपुर मे लॉक डाउन के दौरान अपनी दुकान खोल कर लोगों को प्रतिबंधित सामान बेच रहा है, जिस पर पुलिस तुरन्त कमल बंसल की दुकान पर पहुंची जहां पर यह दुकानदार ग्राहको को सामान बेचता हुआ रंगे हाथों पकड़ा गया तथा जब पुलिस ने एक ग्राहक महेंद्र पाल निवासी बद्रीपुर के थेले को चेक किया तो उसके थैले मे से सिगरेट, अर्चित तंबाखू, गोल्डन, बीड़ी ,दिलबाग व ज़र्दा इत्यादि सामान बिल सहित बरामद किया।
दुकान की तलाशी के दौरान कमल बंसल की दुकान से 34 पेकिट अर्चित तंबाखू, 16 पेकिट स्पिट तंबाखू, ज़र्दा 25 पेकिट, जाफरानी ज़र्दा 15 पेकिट, दिलबाग 10 पेकिट व तंबाखू 10 पेकिट बरामद किए। उपरोक्त दोनों व्यक्ति लॉक डाउन व कर्फ्यू के दौरान सरकार के आदेशों की अवहेलना करते हुए पाये गए, जिस पर कमल बंसल व महेंद्र पाल के विरुद्ध पुलिस थाना पांवटा साहिब मे प्रतिबंधित तंबाखू उत्पाद को बेचने व खरीदने पर मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।












