वैश्विक महामारी कोविड-19 के दृष्टिगत जहां एक ओर जिला सोलन में प्रशासन प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार यह सुनिश्चित बना रहा है कि सभी जिला वासियों को आवश्यक वस्तुएं एवं सुविधाएं प्राप्त हों वहीं इस महामारी के विरूद्ध अग्रिम मोर्चे पर लड़ रहे फ्रन्टलाईन वारियर का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
सोलन जिला में फ्रन्टलाईन वारियर के रूप में लोगों की सुरक्षा के लिए निःस्वार्थ भाव से सेवाएं प्रदान कर रहे चिकित्सकों, पैरा मेडिकल कर्मियों, नर्सों, पुलिस कर्मियों एवं सफाई कर्मचारियों को मास्क, दस्ताने इत्यादि समुचित संख्या में उपलब्ध करवाए गए हैं। जिला के सीमा क्षेत्रों एवं अन्य स्थानों पर तैनात पुलिस कर्मियों को इनके साथ-साथ फेस शील्ड प्रदान की गई हैं। सोलन शहर में प्रयोग में लाए गए दस्तानों एवं मास्क के वैज्ञानिक निपटान की दिशा में नगर परिषद सोलन ने एक अनुठी पहल आरंभ की है।
इस पहल के तहत नगर परिषद सोलन के अंतर्गत आने वाले 15 स्थानों दोहरी दीवार, लालबती चैक, सपरून, पुराना उपायुक्त कार्यालय, कोटलानाला, गंज बाजार, क्षेत्रीय अस्पताल, नगर परिषद कार्यालय, मिनी सचिवालय तथा पुलिस थाना के समीप छोटे डस्टबिन रखे गए हैं। इन डस्टबिन पर स्पष्ट अंकित किया गया है कि यह डस्टबिन केवल प्रयोग में लाए गए मास्क एवं दस्तानों के लिए है।
नगर परिषद सोलन के सभी सफाई कर्मियों को अवगत करवाया गया है कि 15 विभिन्न स्थानों पर लगाए गए डस्टबिन किस प्रयोग के लिए हैं। सभी सफाई कर्मियों को मास्क और दस्ताने प्रदान किए गए हैं। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना मास्क व दस्तानों के कार्य न करें। उन्हें अवगत करवाया गया है कि वे घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करते समय लोगों से आग्रह करें कि वे उपयोग में लाए गए मास्क एवं दस्ताने एक अलग पैकेट में डालकर कूड़े के साथ सौंपे।
नगर परिषद सोलन लोगों को भी अवगत करवा रही है कि प्रयोग में लाए गए दस्तानों एवं मास्क को अलग पैकेट में डालकर सफाई कर्मचारी को ही सौंपे। इन्हें खुले में फैंकने से कोरोना महामारी सहित अन्य संक्रमण का खतरा हो सकता है। लोगों को बताया जा रहा है कि प्रयोग में लाए गए मास्क व दस्तानों को खुले में फैंकने पर उनके विरूद्ध उचित कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा सकती है।
नगर परिषद ने प्रयोग किए जा चुके मास्क व दस्तानों के वैज्ञानिक निपटारे के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सोलन से संपर्क किया है। इसके तहत इस सामग्री का वैज्ञानिक निपटान संयंत्र में किया जा रहा है ताकि किसी भी प्रकार की महामारी के फैलने का खतरा पूर्ण रूप से समाप्त किया जा सके।
इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर परिषद सोलन के कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार ने कहा कि आवश्यकतानुसार नगर परिषद पार्षदों से संपर्क के उपरांत वार्ड स्तर पर भी यह विशेष डस्टबिन उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा अपने सभी सफाई कर्मचारियों को विभिन्न सुरक्षा उपकरणों के उपयोग, प्रयोग तथा आम जनता से संपर्क स्थापित करने के बारे में जागरूक किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद सोलन जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सोलन शहर को स्वच्छ रखने के साथ-साथ इस महामारी से निपटने में अपनी सक्रिय भूमिका का सफल निर्वहन करने की दिशा में प्रयासरत है।











