शिलाई: भारतीय सेना में तैनात गिरिपार के ग्रेनेडियर कपिल का निधन, घर में चल रहीं थीं शादी की तैयारियां

Khabron wala

भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स में सेवारत गिरिपार के वीर सपूत ग्रेनेडियर कपिल का सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उत्तराखंड स्थित आर्मी अस्पताल में बुधवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। इस दुखद समाचार से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा गिरिपार और शिलाई क्षेत्र शोक में है। बताया जा रहा है कि कपिल पिछले 7 वर्षों से भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे। वर्तमान में वह जम्मू-कश्मीर में 55वीं राष्ट्रीय राइफल्स के अधीन तैनात थे। अवकाश पर घर आए कपिल 8 जनवरी को सेलाकुई (उत्तराखंड) में एक बाइक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले उन्हें ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन बाद में हालत नाजुक होने पर आर्मी अस्पताल देहरादून रैफर किया गया, जहां तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

18 सितम्बर, 2018 काे सेना में भर्ती हुए थे कपिल

कपिल के निधन की खबर मिलते ही उनकी सैन्य बटालियन सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पिता पंच राम और माता जयंती देवी गहरे सदमे में हैं। ग्राम पंचायत दिगुआ के प्रधान रण सिंह ने बताया कि कपिल पटना गांव के निवासी थे। कपिल 18 सितम्बर, 2018 को भर्ती हुए थे। परिवार उनके विवाह की तैयारियों में जुटा हुआ था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

शुक्रवार को सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

वीर जवान का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके पैतृक गांव पटना, डाकघर मिल्ला, तहसील शिलाई में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब-शिलाई सहित अनेक सामाजिक संगठनों और गण्यमान्य लोगों ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!