ADVERTISEMENT

Solan: छत पर टहलते समय HT लाइन की चपेट में आया युवक, 8 दिन बाद PGI में हारा जिंदगी की जंग

Khabron wala 

औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के तहत झाड़माजरी में करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हुए एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। युवक पिछले करीब 8 दिनों से पीजीआई चंडीगढ़ में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा था, लेकिन शनिवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रोशन लाल पुत्र लाल देव पंडित के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला था। रोशन रोजगार के सिलसिले में बरोटीवाला आया था और झाड़माजरी बस स्टैंड के समीप एक किराए के मकान में रह रहा था। बीते 2 अक्तूबर की शाम को रोशन अपने कमरे की छत पर टहल रहा था। इसी दौरान उसका हाथ छत के बेहद करीब से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन लाइन से छू गया। जोरदार करंट लगने के कारण वह बुरी तरह झुलस गया और अचेत होकर गिर पड़ा।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों की मदद से उसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया। वहां 7-8 दिनों तक चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चलता रहा, लेकिन करंट से शरीर को पहुंचे गहरे नुक्सान के कारण शनिवार तड़के उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही बरोटीवाला पुलिस स्टेशन की एक टीम पीजीआई चंडीगढ़ पहुंची। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया और उसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए शोकाकुल परिजनों को सौंप दिया।

बद्दी के डीएसपी योगराज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की मौत करंट लगने के कारण हुई है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और नियमानुसार आगामी जांच व कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *