ADVERTISEMENT

Shimla: जयराम ने प्रदेश की संपदा को लुटाने के साथ आरडीजी का दुरुपयोग किया : सीएम सुक्खू

Khabron wala 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आरोप लगाया है कि नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की संपदा को लुटाने के साथ राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) का दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को 54,000 करोड़ रुपए आरडीजी और 16,000 करोड़ रुपए जीएसटी कम्पनसेशन के रूप में मिले। इस तरह 70,000 करोड़ रुपए केंद्र सरकार से मिलने पर पूर्व भाजपा सरकार ने न तो कर्मचारी-पैंशनरों का 10,000 करोड़ रुपए का बकाया एरियर दिया और न ही 20,000 करोड़ रुपए तक ऋण वापस करना उचित समझा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जयराम ठाकुर सरकार को 70,000 करोड़ रुपए की मदद की तथा वर्तमान सरकार को सिर्फ 17,000 करोड़ रुपए मिल पाए। इसके बावजूद वर्तमान सरकार ने 70 वर्ष से ऊपर के सभी पैंशनरों के बकाया एरियर का भुगतान किया तथा वेतन और पैंशन को नहीं रुकने दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार हिमाचल प्रदेश पर 76,680 करोड़ रुपए का कर्ज छोड़कर गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू नई दिल्ली से शिमला पहुंचने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिलने का समय नहीं मिला तथा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बेंगलुरू में होने के कारण उनसे मुलाकात नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि पूरे मंत्रिमंडल ने आरडीजी के मुद्दे पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समक्ष अपना पक्ष रखा।

उन्होंने कहा कि इस विषय पर नई दिल्ली में विरोध करना आगामी रणनीति का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने इस बात पर दुख जताया कि जब विधानसभा में यह विषय चर्चा के लिए आया तो विपक्ष सदन में हल्ला करता रहा, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है, लेकिन राज्य सरकार अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी और भाजपा को इसमें सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने 15वें व 16वें वित्तायोग के सामने आरडीजी देने की बात कही, लेकिन विधानसभा में इस विषय पर सहयोग नहीं दिया। यह संवैधानिक अधिकार है, जिसकी लड़ाई समय रहते लड़नी पड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर हिमाचल की तुलना 17 राज्यों ओर केरल से नहीं की जा सकती।

हिमाचल सदन में रेड दुर्भाग्यपूर्ण, वहां युवा कांग्रेस कार्यकर्त्ता भी ठहरते हैं

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जिस समय वह नई दिल्ली में थे, तो उस समय दिल्ली पुलिस ने हिमाचल सदन में बिना वारंट रेड की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और आवासीय आयुक्त (आरसी) को सूचित किए बिना रेड करना सही नहीं है। उनको खुद इसकी सूचना विधायक सुरेश कुमार से मिली, जो हिमाचल सदन में ठहरे थे। उन्होंने कहा कि वहां युवा कांग्रेस कार्यकर्त्ता भी बुकिंग करने पर ठहरते हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय मीडिया से लेकर हर उस व्यक्ति की वहां पर बुकिंग करवाता है, जिसको आवश्यकता रहती है। इस बुकिंग के लिए ठहरने वाले लोग बाकायदा किराया देते हैं।

युवा कांग्रेस नेता व कार्यकर्त्ताओं की गिरफ्तारी लोकतंत्र के खिलाफ

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट में शांतिपूर्ण तरीके से शर्टलैस होकर प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस नेता उदय भानु और अन्य कार्यकर्त्ताओं को गिरफ्तारी करना लोकतंत्र के खिलाफ है। ऐसे में यदि कोई प्रदर्शन करता भी है, तो उनको चेतावनी देकर छोड़ा जा सकता है।

राज्यसभा चुनाव के लिए हाईकमान तय करेगा प्रत्याशी

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रत्याशी का चयन करेंगे। इसके लिए अभी काफी समय है तथा इस बारे हाईकमान का निर्णय अंतिम होगा।

मुख्यमंत्री से मिले माइनॉरिटी बोर्ड के सदस्य

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से नई दिल्ली में माइनॉरिटी बोर्ड के सदस्य ख्वाजा सईद ने मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को रमजान के महीने में खजूर इत्यादि भेंट किए। विधायक संजय अवस्थी, सुरेश कुमार व विनोद सुल्तानपुरी भी इस अवसर पर मौजूद थे।

 

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!