Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के नालागढ़ में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पर एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा नालागढ़-नंगल मार्ग पर जिंदल कंपनी के पास हुआ। मृतक की पहचान सूरज कुमार, पुत्र महिंद्र सिंह, निवासी गांव भांगला (नालागढ़) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सूरज अपनी बाइक से जा रहा था, तभी जिंदल कंपनी के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी नालागढ़ भीष्म ठाकुर ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।









