Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जिला बिलासपुर के थाना कोट पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्री नैनादेवी क्षेत्र के घवांडल गांव में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है. एक व्यक्ति ने खुद को लोक निर्माण विभाग का इंजीनियर बताकर महिला से 4 लाख 56 हजार रुपए ठग लिए. पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घवांडल निवासी नीता देवी ने आरोप लगाया है कि फरवरी 2024 में राकेश कुमार निवासी चौपाल, जिला शिमला ने उनसे संपर्क किया. आरोपित ने स्वयं को लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर बताते हुए उनके बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया. सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर आरोपित ने महिला का विश्वास जीत लिया और अलग-अलग तिथियों में कुल 4 लाख 56 हजार रुपए अपने बताए गए बैंक अकाउंट में जमा करवा लिए. पीड़िता ने ये राशि अपने खाते के अलावा रिश्तेदारों के खातों से भी ट्रांसफर करवाई.
शिकायत में बताया गया है कि आरोपित पिछले दो वर्षों से नौकरी लगने की प्रक्रिया पूरी होने का आश्वासन देता रहा. वह कभी फाइल आगे बढ़ने की बात करता तो कभी नियुक्ति पत्र जारी होने का बहाना बनाता रहा. जब काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए, तो महिला को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ. हालात यहां तक पहुंच गए कि अब आरोपी पीड़िता के फोन कॉल तक रिसीव नहीं कर रहा है.
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, “पुलिस थाना कोट में आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब बैंक खातों के लेनदेन, काल डिटेल और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है. पुलिस टीम सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है. आरोपित की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.”












