ADVERTISEMENT

शिमला में 2 भीषण सड़क हादसे, चंडीगढ़ के दंपति सहित 3 लाेगों की मौत

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शिमला जिले में 2 अलग-अलग भीषण सड़क हादसे पेश आए हैं, जिनमें चंडीगढ़ के दंपति सहित 3 लाेगों की जान चली गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पति की मौके पर मौत, पत्नी ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

जानकारी के अनुसार पुलिस थाना कुमारसैन के तहत जब्बलपुर के पास शनिवार सुबह एक थार गाड़ी (HR 98X-1948) सड़क से करीब 150 मीटर नीचे जाबल नाले में गिर गई। स्थानीय निवासी रोहित कुमार ने बताया कि जब वह सो रहे थे, तभी उन्होंने जोरदार धमाके की आवाज सुनी। बाहर निकलकर देखा तो एक गाड़ी नाले में गिरी हुई थी। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि चालक अंकुर राजपाल पुत्र पृथ्वी राज राजपाल निवासी सैक्टर 48ए, चंडीगढ़ गाड़ी से बाहर छिटक गया था और उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं, गाड़ी के अंदर उसकी पत्नी अपराजिता सीट बैल्ट से बंधी हुई थी और दर्द से कराह रही थी। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और 108 एम्बुलैंस से कोटगढ़ अस्पताल भेजा। वहां से उसे आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया, लेकिन रास्ते में ठियोग के पास उसकी हालत बिगड़ गई, जिस पर उसे ठियोग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ।

घर की छत से टकराई कार, सिरमौर के व्यक्ति की मौत

दूसरी घटना देहा पुलिस थाना क्षेत्र में हुई। जुब्बड़ निवासी मेहर सिंह ने बताया कि रात को जब वह परिवार के साथ सो रहे थे, तभी छत पर किसी भारी चीज के टकराने की आवाज आई। बाहर आकर देखा तो एक कार (HP 14C-4384) लुढ़कती हुई उनके घर की छत से टकराकर नीचे भूप सिंह के घर के पास अटकी हुई थी। कार को नरेश पुत्र मीतू राम निवासी दोची, जिला सिरमौर चला रहा था, जिसकी हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने दोनों मामलों में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!