Khabron wala
कहते हैं अगर हौसलों में उड़ान हो तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। इस बात को सच कर दिखाया है बिलासपुर जिला के घुमारवीं उपमंडल के एक होनहार युवक ने। ग्राम पंचायत औहर के छोटे से गांव पलथीं के रहने वाले अतुल धीमान ने यूजीसी नैट की परीक्षा में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अतुल ने 99.89 पर्सेंटाइल हासिल कर जूनियर रिसर्च फैलोशिप (जेआरएफ) में रिकॉर्ड स्थापित किया है।
अतुल की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि आज के दौर में जहां प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए युवा लाखों रुपए खर्च कर कोचिंग लेते हैं, वहीं अतुल ने घर पर ही रहकर सैल्फ स्टडी के जरिए यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से साबित कर दिया कि संसाधनों से ज्यादा महत्वपूर्ण दृढ़ निश्चय होता है। अतुल धीमान ने यह परीक्षा टूरिज्म एडमिनिस्ट्रेशन मैनेजमैंट विषय में उत्तीर्ण की है।
अतुल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल घुमारवीं और बिलासपुर से पूरी की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने स्वामी विवेकानंद डिग्री कॉलेज, घुमारवीं में दाखिला लिया, जहां से उन्होंने स्नातक डिग्री प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। अतुल धीमान ने अपनी इस शानदार सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों और गुरुजनों को दिया है। उनका कहना है कि बड़ों के आशीर्वाद और कुशल मार्गदर्शन के बिना यह संभव नहीं था। अतुल की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे औहर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।









