Khabron wala
आमतौर पर पर्यटक पहाड़ों की खूबसूरती निहारने हिमाचल आते हैं, लेकिन कुछ सिरफिरे युवाओं ने मंडी के किरतपुर-नेरचौक फोरलेन को अपनी जानलेवा नुमाइश का अखाड़ा बना लिया है। सोशल मीडिया पर सनसनी फैला रहे एक ताज़ा वीडियो ने न केवल कानून की धज्जियां उड़ाई हैं, बल्कि सुरक्षित सफर करने वाले आम लोगों के दिल में भी दहशत पैदा कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
कनैड़ के पास फोरलेन पर उस समय राहगीरों की सांसें थम गईं, जब उन्होंने एक युवक को ‘सर्कस’ के अंदाज में बाइक चलाते देखा। यह कोई साधारण ड्राइविंग नहीं थी—चलती सड़क पर एक युवक दूसरी मोटरसाइकिल को किसी छोटे बच्चे की तरह अपनी गोद में उठाकर बाइक दौड़ा रहा था। रफ्तार और जोखिम का यह मेल इतना खतरनाक था कि जरा सा संतुलन बिगड़ने का मतलब था सीधा मौत को दावत देना।
स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा
घटना के दौरान हाईवे पर ट्रैफिक का सामान्य बहाव था। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इन स्टंटबाजों को न तो अपनी जान की परवाह थी और न ही दूसरों की सुरक्षा की। वीडियो के वायरल होते ही इलाके के लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ हुड़दंगी बाइकर्स पर्यटन की आड़ में अराजकता फैला रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि हाईवे पर CCTV सर्विलांस को और अधिक पुख्ता किया जाए।
पुलिस की नियमित गश्त (Patrolling) बढ़ाई जाए। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ केवल चालान नहीं, बल्कि कठोर कानूनी कार्रवाई हो।
“मेहमान बनकर आएं, यमराज नहीं”
इस मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए डीएसपी सुंदरनगर, भारत भूषण ने स्पष्ट किया कि देवभूमि की सड़कों पर ऐसी ‘जानलेवा कलाबाजी’ के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इन हुड़दंगियों की पहचान कर उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो दूसरों के लिए नजीर बने। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि पर्यटन के नाम पर लोगों की जान जोखिम में डालना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा।










