ADVERTISEMENT

सिरमौर पुलिस के इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने पास की UPSC की परीक्षा, पिता ने मजदूरी करके बेटे को पढ़ाया

Khabron wala 

कड़ी मेहनत और मजबूत इरादों के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. इसका उदाहरण हिमाचल प्रदेश पुलिस के इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने पेश किया है. पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 पास कर ऑल इंडिया रैंक 844 हासिल की है.

संजीव कुमार ने पास की UPSC की परीक्षा

संजीव कुमार फिलहाल नाहन में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) में जांच अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं. कांगड़ा जिले की नूरपुर तहसील से संबंध रखने वाले 30 वर्षीय संजीव कुमार ने वर्ष 2020 में हिमाचल प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी. ड्यूटी के साथ-साथ उन्होंने यूपीएससी की तैयारी जारी रखी और आखिरकार इस कठिन परीक्षा में सफलता हासिल कर ली.संजीव कुमार को अक्टूबर 2025 में पदोन्नत कर इंस्पेक्टर बनाया गया. पुलिस सेवा की व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और लगातार मेहनत करते रहे.

पिता ने मजदूरी करके बेटे को पढ़ाया

संजीव कुमार साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं. उनके पिता प्यार सिंह मजदूरी करके बेटे को पढ़ाया-लिखाया, जबकि माता बीना देवी गृहिणी हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. संजीव कुमार विवाहित हैं. उनकी पत्नी रितु चौधरी उनका हर कदम पर साथ देती रही हैं. उनका ढाई साल का बेटा कर्मण्य भी है, जो उनके जीवन की बड़ी प्रेरणा है.

पांचवें प्रयास में सफल हुए इंस्पेक्टर संजीव कुमार

संजीव कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, पत्नी, भाई विकास कुमार सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया है. उन्होंने बताया कि, “पांचवें प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा पास की है और यहां तक पहुंचने का सफर काफी लंबा और संघर्षपूर्ण रहा है. पहले हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (HAS) की भी तैयारी करते रहा. HAS की प्रारंभिक परीक्षा उन्होंने पांच बार पास की, दो बार मुख्य परीक्षा दी और एक बार इंटरव्यू तक भी पहुंचा, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाया. इसके बावजूद हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य की ओर लगातार प्रयास करता रहा.”

2017 से शुरू कर दी थी तैयारी

संजीव कुमार के मुताबिक, उन्होंने 2017-18 से ही प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी शुरू कर दी थी. 2020 में वह हिमाचल प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर बने. प्रशिक्षण के बाद उन्होंने ऊना और मंडी में सेवाएं दीं और वर्तमान में विजिलेंस नाहन में तैनात हैं. उन्होंने बताया कि पुलिस सेवा के दौरान भी उन्हें पढ़ाई के लिए थोड़ा-बहुत समय मिल जाता था. वर्ष 2024 में उन्होंने दोबारा गंभीरता के साथ यूपीएससी की तैयारी शुरू की. विजिलेंस में तैनाती के दौरान सुबह-शाम पढ़ाई करने का समय मिलता था, जबकि सप्ताहांत भी वह तैयारी में लगाते थे.

NET, SET और JRF भी कर चुके हैं संजीव कुमार

संजीव कुमार ने बताया कि, उनकी तैयारी के दौरान कई लोगों का सहयोग मिला. उन्होंने विशेष रूप से अपने भाई विकास कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि वह एक दुकानदार हैं और उन्होंने हर संभव आर्थिक सहायता देकर उनका मनोबल बढ़ाया. संजीव कुमार की शैक्षणिक उपलब्धियां भी उल्लेखनीय रही हैं. उन्होंने यूजीसी की NET, SET और JRF परीक्षाएं भी उत्तीर्ण की हैं. इसके अलावा वह सहायक प्रोफेसर, नायब तहसीलदार और बैंक पीओ के इंटरव्यू भी दे चुके हैं. इन सभी अनुभवों ने उन्हें यूपीएससी की तैयारी में काफी मदद की. संजीव कुमार ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और लगातार मेहनत की जाए तो सफलता जरूर मिलती है.

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!