ADVERTISEMENT

माजरा में दो पक्षों के बीच मारपीट, दोनों ओर से क्रॉस FIR दर्ज

माजरा में दो पक्षों के बीच मारपीट, दोनों ओर से क्रॉस FIR दर्ज

लाठी-डंडों से हमले के आरोप, एक युवती से छेड़छाड़ का मामला भी शामिल

पांवटा साहिब के माजरा क्षेत्र में दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाए गए हैं, जिसके बाद पुलिस थाना माजरा में क्रॉस एफआईआर दर्ज की गई है।

पहली शिकायत पवन कुमार पुत्र लेखराज निवासी गांव माजरा की ओर से दर्ज करवाई गई है। शिकायत के अनुसार 15 मार्च 2026 को वह अपनी पत्नी सुमन देवी के साथ खेत में घास काट रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी नरेश के परिवार द्वारा घर के पास कबाड़ जलाया जा रहा था। जब उन्होंने उन्हें कबाड़ अपने घर के पास जलाने के लिए कहा, तो आरोप है कि नरेश के परिवार के सदस्यों ने उन पर हमला कर दिया।

शिकायत में कहा गया है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और हॉकी से हमला किया, जिसमें पवन कुमार और उनकी पत्नी को चोटें आईं। उन्हें बचाने आए उनके बेटे यशपाल और पड़ोसी युवक भी इस हमले में घायल हो गए। आरोप है कि इस दौरान एक युवक की बाजू टूट गई, जबकि अन्य को भी गंभीर चोटें आईं। पवन कुमार ने आरोप लगाया है कि हमलावर पहले से ही इस घटना की तैयारी कर बैठे थे और बाहर से भी कुछ लोगों को बुलाया गया था। इस मामले में पुलिस ने FIR नंबर 45/26 दिनांक 15 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 190 और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

वहीं दूसरी ओर, नरेश कुमार पुत्र बाबूराम निवासी गांव माजरा की शिकायत पर भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार घटना के समय उनकी बेटी सुनीता कुमारी घर के बाहर गली में झाड़ू लगाकर कूड़ा इकट्ठा कर रही थी और उसमें आग लगा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी पक्ष के लोग वहां आए और गाली-गलौज करने लगे।

नरेश कुमार का आरोप है कि इसी दौरान यशपाल नामक युवक ने उनकी बेटी के साथ अशोभनीय हरकत करते हुए उसकी आबरू पर हाथ डालने की कोशिश की। जब परिवार के अन्य सदस्य उसे बचाने के लिए आगे आए तो उन पर भी हमला कर दिया गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। इस मामले में पुलिस ने FIR नंबर 46/26 दिनांक 15 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 190, 115(2) और 74 के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार दोनों मामलों की जांच जारी है और घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!