Khabron wala
हिमाचल प्रदेश राजधानी शिमला में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। स्पैशल सैल शिमला की टीम ने लोअर चक्कर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए लगभग 56 ग्राम चिट्टे की खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने मौके से एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्पैशल सैल शिमला की टीम को गोपनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि लोअर चक्कर क्षेत्र में नशे की तस्करी की जा रही है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोअर चक्कर स्थित एक रिहायशी कमरे में दबिश दी। जब पुलिस ने कमरे की बारीकी से तलाशी ली, तो वहां से करीब 56 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर कमरे में मौजूद 28 वर्षीय महिला को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला जिला बिलासपुर की रहने वाली है और वर्तमान में शिमला के लोअर चक्कर इलाके में कमरा लेकर रह रही थी।
नशे की इस बरामदगी के बाद शिमला पुलिस ने त्वरित कानूनी कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिस थाना में आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि महिला यह चिट्टा कहां से खरीद कर लाई थी और शिमला शहर में इसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं। मामले में आगामी जांच जारी है।








