Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है. सुंदरनगर उपमंडल के अंतर्गत डैहर-समलेहु संपर्क मार्ग पर भंतरेहड़ नाले के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में कार सवार चार मासूम बच्चों सहित एक महिला और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए एम्स बिलासपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डीएसपी सुंदरनगर ने हादसे के बारे में जानकारी दी.
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया, ‘पुलिस हादसे के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही हादसे के कारणों का खुलासा किया जाएगा’.
पुलिस से मिली प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी घायल डैहर क्षेत्र के एक निजी स्कूल से वार्षिक परीक्षा परिणाम लेकर अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही उनकी कार भंतरेहड़ नाले के समीप पहुंची, अचानक वाहन चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया और कार सड़क से नीचे नाले में लुढ़क गई. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई.
घटना की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया. घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है.
बसंत राम (65 वर्ष), कार ड्राइवर
वंदना (25 वर्ष)
रियांश (8 वर्ष)
सुप्रित (10 वर्ष)
अर्णव (8 वर्ष)
रिहाना
सभी घायल जिला बिलासपुर के घुमारवीं तहसील के गांव बलोह, डाकघर नानवां के निवासी बताए जा रहे हैं.
हादसे की सूचना मिलते ही डैहर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.












