अनुसूचित जाति युवाओं के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण, आवेदन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल तक
हिमाचल प्रदेश सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम वर्ग के सशक्तिकरण हेतु प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत युवाओं के लिए कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम निदेशालय के माध्यम से तथा राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान , शिमला के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत “कंसेप्ट ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी” और “ऑफिस ऑटोमेशन एवं अकाउंटिंग एंड पब्लिशिंग” जैसे कोर्स शामिल किए गए हैं। दोनों पाठ्यक्रमों की अवधि 3-3 माह निर्धारित की गई है।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय नाहन या तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय पांवटा साहिब में जमा कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया मेरिट के आधार पर की जाएगी, जिसमें 12वीं एवं स्नातक के अंकों को ध्यान में रखा जाएगा। आवेदकों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।








