ADVERTISEMENT

दिल्ली में सोलन पुलिस की बड़ी रेड: 229 ग्राम चिट्टा बरामद, अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का अहम सप्लायर गिरफ्तार

Khabron wala

जिला पुलिस सोलन ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। दिल्ली में की गई इस रेड के दौरान 229 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई और नेटवर्क के एक अहम सप्लायर, यूजीन चिनवेउबा (42), नाइजीरियाई नागरिक, को गिरफ्तार किया गया है।

यह पूरा मामला 20 अप्रैल 2026 को पुलिस थाना सदर सोलन में दर्ज एफआईआर संख्या 95/2026 से जुड़ा है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत कार्रवाई की गई थी। शुरुआती जांच के दौरान तीन आरोपियों के कब्जे से 9.93 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई थी। इनमें दो आरोपी बिहार के निवासी और एक नेपाली नागरिक शामिल था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच को आगे बढ़ाया और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर ड्रग सप्लाई चेन के बैकवर्ड लिंक खंगालने शुरू किए। जांच में सामने आया कि नेटवर्क की कड़ियां दिल्ली तक जुड़ी हुई हैं। इसके बाद 22 अप्रैल को थाना प्रभारी (SHO) के नेतृत्व में एक विशेष टीम को दिल्ली भेजा गया।

स्थानीय पुलिस के सहयोग से नई दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में चिन्हित स्थान पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। मौके पर मौजूद यूजीन चिनवेउबा के आवास की तलाशी के दौरान उसके कमरे से 229 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया। बरामदगी के बाद आरोपी को मौके पर ही नियम अनुसार गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी को इस ड्रग नेटवर्क का महत्वपूर्ण सप्लायर पाया गया है, जो विभिन्न राज्यों में नशे की खेप पहुंचाने में संलिप्त था। विदेशी नागरिक होने के कारण उसके खिलाफ विदेशी अधिनियम की धारा 14 भी जोड़ी गई है।

उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चेन और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा सके। इस कार्रवाई के जरिए जिला पुलिस सोलन ने न केवल भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है, बल्कि अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक अहम सफलता हासिल की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!