Paonta Sahib: कोलर में दुकान में घुसकर जानलेवा हमला करने वाला हरियाणा का एक शख्स गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश

Khabron wala 

पांवटा साहिब-कालाअंब नेशनल हाईवे-07 पर कोलर में दुकानदार और उसके परिवार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में माजरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी भी कब्जे में ले ली है। अब अन्य हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है। वहीं हमले में घायल तीन लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार सोमवार रात हरियाणा से आए कुछ लोगों ने कोलर गांव में दुकानदार विशाल, उसके पिता राजेंद्र और कजिन प्रवीण पर तेजधार हथियारों और डंडों से हमला कर दिया था। हमले की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें स्कॉर्पियो से उतरे चार से पांच लोग हमला करते दिखाई दिए।

घटना के बाद क्षेत्र में भारी तनाव फैल गया और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। सूचना मिलने पर माजरा पुलिस और डीएसपी पांवटा साहिब मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया।

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने देर रात ही एक आरोपी दीपक कुमार पुत्र सुलेख कुमार निवासी अल्लापुर, तहसील बराड़ा, जिला अंबाला (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 16 मई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास कर रही है कि हमला किसके कहने पर किया गया और इसके पीछे क्या वजह थी। शुरुआती जांच में दो दिन पहले तेज रफ्तार ट्रालों को लेकर हुए विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी और स्कॉर्पियो जब्त किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस अन्य आरोपियों को भी तलाश कर रही है। जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!