15 वर्षीय किशोर के अपहरण की कोशिश, संदिग्ध स्कूटी सवारों की तलाश में जुटी पुलिस

Khabron wala 

हमीरपुर जिला के उपमंडल बड़सर के अंतर्गत ढटवाल क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर के कथित अपहरण के प्रयास का सनसनीखेजमामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गनीमत यह रही कि बच्चे के चिल्लाने और एक स्थानीय महिला द्वारा शोर मचाने पर बदमाश उसे छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में बिहडू निवासी ललित कुमार पुत्र सुभाष चंद ने बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा पीयूष गत शाम करीब 6:20 बजे घर से दवाई लेने के लिए बिहडू बाजार की तरफ गया था। जब वह वापस लौटा तो वह काफी डरा हुआ था। पीयूष ने परिजनों को बताया कि रास्ते में एक स्कूटी पर सवार दो अज्ञात लोगों ने उसे जबरन खींचकर स्कूटी पर बैठाने का प्रयास किया। जब बदमाशों ने पीयूष को खींचने की कोशिश की, तो वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इसी बीच पीछे से आ रही एक महिला ने भी शोर मचा दिया। पकड़े जाने के डर से दोनों बदमाश बच्चे को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

शिकायत के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर भी आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध काली स्कूटी पर सवार दो लोग बिझड़ी बाजार की तरफ जाते हुए दिखाई दिए हैं। जब पीयूष को सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे लोगों की फोटो दिखाई गई, तो उसने तुरंत पहचान लिया कि यही वे लोग थे, जिन्होंने उसे खींचने की कोशिश की थी। हालांकि, अभी तक स्कूटी का नंबर स्पष्ट रूप से ट्रेस नहीं हो पाया है।

मामले की पुष्टि करते हुए बिझड़ी पुलिस चौकी के एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि बच्चे के पिता ललित कुमार की तरफ से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छानबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों और स्कूटी के नंबर का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!