Khabron wala
हिमाचल प्रदेश में आज शहरी निकाय के लिए वोट डाले गए. प्रदेशभर में लोगों ने बढ़चढ़ कर नगर निगम और नगर परिषदों के चुनाव के लिए मतदान किया है. इन चुनावों में बुजुर्गों ने भी खासा उत्साह दिखाया और मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान किया. वहीं, कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने न सिर्फ मतदान किया है, बल्कि वे लोग लोकतंत्र की मिसाल भी बने हैं. इन्हीं में से एक हैं रामपुर के बहादुर सिंह और बिलासपुर के अभय, जिन्होंने अपनी शारीरिक चुनौतियों के बावजूद भी हार नहीं मानी और वोट डालने के लिए मतदान केंद्र तक पहुंचे.
दोनों हाथ खोने के बाद भी वोट देने पहुंचे रामपुर के बहादुर
रामपुर बुशहर नगर परिषद चुनाव के दौरान वार्ड नंबर-9 में उस समय भावुक और प्रेरणादायक माहौल देखने को मिला, जब 65 साल के वरिष्ठ नागरिक बहादुर सिंह मतदान करने पहुंचे. बहादुर सिंह ने शारीरिक चुनौतियों के बावजूद लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था और जिम्मेदारी से मतदान केंद्र में मौजूद हर व्यक्ति को प्रेरित किया. बहादुर सिंह ने अपने दोनों हाथ खोने के बावजूद हार नहीं मानी और वोट डालने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे. मतदान केंद्र में मौजूद लोगों ने उनके जज्बे और लोकतंत्र के प्रति समर्पण की खुलकर सराहना की.
बहादुर सिंह ने बताया कि एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में उन्होंने अपने दोनों हाथ खो दिए थे, लेकिन इसके बावजूद उनका हौसला कभी कमजोर नहीं पड़ा. बहादुर सिंह हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) में कार्यरत थे. साल 2005 में उनके साथ एक बड़ा हादसा हुआ था. उन्होंने बताया कि उस समय वे एक डंडे की सहायता से कार्य कर रहे थे और इसी दौरान 22 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिसमें उन्हें अपने दोनों हाथ गंवाने पड़े. हालांकि इस हादसे ने उनके जीवन को पूरी तरह बदल दिया, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी. नगर परिषद चुनाव में मतदान के दिन भी उन्होंने अपने साथी के सहयोग से मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया.
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने बहादुर सिंह की सराहना करते हुए कहा, “उनका जज्बा सभी के लिए प्रेरणादायक है. लोगों को ऐसे जागरूक नागरिकों से प्रेरणा लेने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए बढ़-चढ़कर मतदान करना चाहिए.”
गंभीर हालत के बावजूद वोट देने पहुंचा अभय
वहीं, बिलासपुर में शहरी निकाय चुनाव से भी ऐसी ही एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है. नगर परिषद बिलासपुर में एक गंभीर रूप से घायल युवक अभय भी मतदान करने पहुंचा. अभय ने बताया कि घर की तीसरी मंजिल से गिरने की वजह से वे गंभीर हो गए थे, अब तक उनका चार बार ऑपरेशन हो गया है और वे चलने-फिरने में भी असमर्थ है. इसके बावजूद वह स्पोर्टर के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया. अभय के इस जज्बे की वहां मौजूद लोगों ने सराहना की और इसे लोकतंत्र के प्रति सच्ची निष्ठा बताया. इसके अलावा बुजुर्गों में भी वोटिंग को लेकर खासा उत्साह देखा गया.









