आयुर्वेदिक अस्पताल के गेट पर फंदे से लटका मिला सब्जी विक्रेता का शव, नाहन में सनसनी

 Khabron wala 

जिला मुख्यालय नाहन में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब श्री रेणुकाजी क्षेत्र के एक व्यक्ति का शव आयुर्वेदिक अस्पताल के मुख्य गेट पर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान जगत सिंह निवासी देवना, श्री रेणुकाजी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुबह स्थानीय लोगों ने आयुर्वेदिक अस्पताल के गेट से एक व्यक्ति को फंदे से लटका देखा। इसके बाद तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जीतराम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। पुलिस ने शव को उतारकर मौके का निरीक्षण किया।

बताया जा रहा है कि मृतक दिल्ली गेट के समीप आयुर्वेदिक अस्पताल के गेट के साथ बैठकर पिछले लंबे समय से सब्जी बेचकर अपना और परिवार का गुजर बसर कर रहा था। सब्जी विक्रेता ने अचानक ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया। फिलहाल, पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है। इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मौके से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की पड़ताल की जा रही है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम का पता चल सके।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मामले की पुष्टि करते हुए सदर थाना पुलिस ने बताया कि शव बरामद होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!