ADVERTISEMENT

Shimla: हिंदू संघर्ष समिति के 2 सदस्यों सहित 4 गिरफ्तार, थाने के बाहर चक्का जाम और प्रदर्शन

Khabron wala 

राजधानी शिमला के संजौली उपनगर में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने शनिवार को दर्जी और उसके साथी के साथ सरेआम मारपीट करने और कानून हाथ में लेने के आरोप में हिंदू संघर्ष समिति की 2 महिलाओं सहित 4 लोगों को गिरफ्तार व हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के विरोध में हिंदू संगठनों ने संजौली थाने के बाहर चक्का जाम कर दिया है, जिससे इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

शनिवार को संजौली में दर्जी की दुकान चलाने वाले ने पुलिस थाना संजौली में शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह और उसका सहकर्मी दुकान में थे, तब कुछ लोग एक युवती को लेकर वहां पहुंचे और पहचान से जुड़े सवाल किए। युवती द्वारा दोनों को पहचानने से इंकार करने के बावजूद, उग्र भीड़ ने उनके साथ मारपीट की तथा घसीटते हुए सड़क पर लाया गया और नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला गया।

पुलिस ने शनिवार को ही मदन ठाकुर (43) निवासी देवघोडी और विजय शर्मा (47) निवासी संजौली को गिरफ्तार कर लिया था। रविवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने रविवार को कल्पना शर्मा और नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का मामला उजागर करने वाली श्वेता चौहान को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

एएसपी सिटी मेहर पंवार ने प्रैसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि युवती की शिकायत पर मुख्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पीड़िता के बयान में जिनके साथ मारपीट हुई उनका कोई नाम नहीं था, फिर भी पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही थी। इसी बीच आरोपी विजय और मदन ने कानून अपने हाथ में लेकर जांच को गैर-कानूनी तरीके से प्रभावित करने की कोशिश की और मारपीट की। इस मामले में 4 को गिरफ्तार किया है, जबकि बाकियों की पहचान की जा रही है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *