शिमला में गजब वारदात! चोरों ने स्कूल में घुसकर पहले पकाई खिचड़ी, फिर कर दिया ये कांड

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से चोरी का एक बेहद हैरान करने वाला और अजीबोगरीब मामला सामने आया है। चोरों ने न सिर्फ एक सरकारी स्कूल में सेंधमारी की, बल्कि बड़े आराम से बच्चों के मिड-डे मील के राशन से खिचड़ी पकाई, छक कर खाई और जाते-जाते स्कूल के कीमती बर्तन भी चुरा ले गए। इस घटना ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार यह पूरी वारदात शिवपुरी स्थित सरकारी स्कूल में एक सरकारी अवकाश के दौरान हुई। स्कूल बंद होने का फायदा उठाकर चोर आसानी से परिसर में दाखिल हो गए। उनकी बेखौफी का आलम यह था कि चोरी करने से पहले उन्होंने बाकायदा गैस जलाई, स्कूल के पतीले में बच्चों के राशन से खिचड़ी बनाई और पार्टी की। पेट पूजा करने के बाद चोरों ने स्कूल रसोई पर हाथ साफ किया और वहां से 3 थालियां, 2 पतीले, 1 डिनर सैट, गैस बर्नर और 1 कढ़ाई चुराकर रफूचक्कर हो गए। छुट्टी के बाद अगली सुबह जब स्कूल का स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा, तो रसोई का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। वहां जूठे बर्तन और चोरी हुआ सामान देखकर तुरंत स्कूल प्रबंधन और पुलिस को सूचित किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही छोटा शिमला थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। वहीं, खलीनी स्कूल के प्रिंसिपल और क्लस्टर हैड अजय वशिष्ठ ने भी तुरंत शिवपुरी स्कूल पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया और पुलिस को आवश्यक जानकारी दी। पुलिस ने लिखित शिकायत दर्ज कर ली है और अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि इन भूखे और शातिर चोरों का सुराग लगाया जा सके।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!