हिमाचल की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जयराम ठाकुर ने घेरी कांग्रेस सरकार, दागे तीखे सवाल

Khabron wala 

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं देने के सरकार के दावों पर पलटवार करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि आज पूरे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था खुद वैंटीलेटर पर आ गई है। शिमला से जारी एक बयान में उन्होंने प्रदेश के प्रमुख अस्पतालों से लेकर जिला स्तर तक की बदहाली का जिक्र करते हुए सरकार से जवाब मांगा है।

आईजीएमसी में कंधों पर मरीजों को ढो रहे तीमारदार

जयराम ठाकुर ने राज्य के सबसे बड़े रैफरल अस्पताल आईजीएमसी शिमला की बदहाली पर चिंता जताते हुए कहा कि आपातकालीन स्थिति में मरीजों के लिए अस्पताल की लिफ्ट तक खराब पड़ी है। इसके कारण तीमारदारों को अपने मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को कंधों पर उठाकर ले जाना पड़ रहा है। उन्होंने इस स्थिति को प्रदेश के लिए बेहद चिंताजनक और शर्मनाक करार दिया।

कुल्लू और सोलन में महिलाओं की मौत पर उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने जिला कुल्लू अस्पताल में लापरवाही के कारण हुई एक गर्भवती महिला की मौत का हवाला देते हुए अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कुल्लू में बालीचौकी के सुनारू निवासी गर्भवती महिला रजनी शर्मा की इलाज में भारी कोताही के चलते मृत्यु होने का आरोप लगा है। परिजनों के आरोप दिल को झकझोरने वाले हैं और वे न्याय की गुहार लगा रहे हैं। ठाकुर ने सवाल पूछा कि इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई और दोषियों को सजा क्यों नहीं मिली? इसी तरह का एक अन्य मामला उठाते हुए उन्होंने कहा कि सोलन जिले के अस्पताल में भी एक महिला की ऑप्रेशन के बाद दुखद मृत्यु हो गई थी, जहां परिजनों ने इलाज में घोर लापरवाही के आरोप लगाए थे। उन्होंने सरकार से पूछा कि आखिर प्रदेश की माताओं-बहनों के साथ ऐसा कब तक होता रहेगा और व्यवस्था में सुधार कब होगा?

टांडा मेडिकल कॉलेज बदहाल, जिला अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी

जयराम ठाकुर ने टांडा मेडिकल कॉलेज की बदहाली का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां हर रोज कोई न कोई नया बखेड़ा खड़ा रहता है। इसके अलावा, जिला अस्पतालों की दयनीय स्थिति पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वहां डॉक्टरों की भारी कमी है। इसके चलते छोटी-मोटी गंभीर बीमारियों में भी मरीजों को तुरंत बड़े अस्पतालों के लिए रैफर कर दिया जाता है। उन्होंने सरकार की तबादला नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अस्पतालों से पूरे के पूरे डिपार्टमैंट के डॉक्टर्स का तबादला कर दिया जाता है, जिसका सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

पंचकूला में सुनी प्रधानमंत्री के मन की बात

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रविवार सुबह हरियाणा के पंचकूला में पार्टी कार्यकर्त्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को सुना। इसके बाद जयराम ठाकुर ने देश की स्वदेशी तकनीक और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा भारतीय नौसेना में शामिल तीन स्वदेशी युद्धपोतों तथा भारत में निर्मित पहले सी-295 सैन्य परिवहन विमान के जिक्र को रक्षा क्षमता का सशक्त प्रतीक बताया।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!