पांवटा साहिब में दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत, दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, पुलिस जांच में जुटी

Khabron wala 

जिला सिरमौर के पांवटा साहिब क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हुए दो अलग-अलग हिट एंड रन सड़क हादसों में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालक दुर्घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों हादसों के केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश और जांच शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना में मारे गए युवकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस थाना पुरूवाला में दर्ज मामले में सुरेश कुमार पुत्र बहादुर सिंह निवासी गांव टिक्करी कठवार, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर ने शिकायत में बताया कि वह अपनी स्कूटी पर पांवटा साहिब से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-707 पर नारीवाला के समीप सतौन की ओर से पांवटा साहिब जा रहे मोटरसाइकिल नंबर को एक अज्ञात वाहन चालक ने गलत दिशा में आकर जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार विशाल और अभिषेक दोनों निवासी टिक्करी कठवार घायल हो गए। दोनों को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरा हादसा भी पुलिस थाना पुरूवाला में दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता दिगेश चौहान पुत्र हरिराज सिंह, हाल किरायेदार गांव हरिपुर टोहाना, डाकघर शिवपुर, तहसील पांवटा साहिब ने बताया कि 1 जुलाई को जुगनू दी हट्टी, हरिपुर टोहाना के सामने मोड़ पर एक अज्ञात डंपर चालक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में मोटरसाइकिल चालक सुरेश कुमार पुत्र जोगिंद्र सिंह निवासी गांव काशीपुर, तहसील पांवटा साहिब गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस थाना पुरूवाला में अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार वाहन चालकों को जल्द गिरफ्तार करेगी। पुलिस दोनों हादसों की जांच में जुटी है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!