Himachal: बेसहारा पशुओं ने हाईवे पर करवाया ट्रक-कार का एक्सीडैंट, 3 बच्चों सहित एक ही परिवार के 7 लोग घायल

Khabron wala 

अम्ब-मुबारिकपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बुधवार सुबह झंगोली के समीप बेसहारा पशुओं के अचानक सड़क पर आ जाने के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दिल्ली के बदरपुर निवासी एक ही परिवार के 7 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ट्रक चालक सहित अन्य लोगों की जान बाल-बाल बच गई। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 7 बजे बदरपुर (दिल्ली) से यह परिवार अपनी कार में सवार होकर माता श्री चिंतपूर्णी जी मंदिर में माथा टेकने जा रहा था। जब उनकी कार झंगोली के पास पहुंची, तभी अचानक कुछ बेसहारा पशु दौड़ते हुए सड़क पर आ गए। इन पशुओं को बचाने के प्रयास में मुबारिकपुर की ओर से तार लेकर जा रहे एक ट्रक और सामने से आ रही कार के चालक अपने-अपने वाहनों से नियंत्रण खो बैठे। इसके परिणामस्वरूप दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि ट्रक सड़क पर ही पलट गया, जबकि कार सड़क किनारे खेत में लढ़क गई।

इस दुर्घटना में घायल होने वाले सभी लोग मोलरबंद एक्सटैंशन, बदरपुर (दिल्ली) के रहने वाले हैं। घायलों की पहचान बी-25, गली नंबर-18ए निवासी सुनील कुमार (52) पुत्र राजपाल और मकान नंबर-1959, गली नंबर-55 निवासी विपिन कुमार (33) पुत्र स्वर्गीय सचेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। इनके अलावा मकान नंबर-1976, गली नंबर-55 निवासी बृज किशोर (30) पुत्र मेहर सिंह, उनकी पत्नी मोनिका (26), बेटी रक्षिता (4), बेटा जगमोहन (अढ़ाई वर्ष) और 2 वर्षीय बच्ची आराध्या भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का चालक राहुल (25) पुत्र संजय कुमार निवासी गांव रियोर, तहसील धर्मपुर व जिला मंडी पूरी तरह सुरक्षित रहा।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन दुर्घटना में शामिल कार सवारों और ट्रक चालक ने किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो जाने के कारण पुलिस द्वारा इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि अम्ब-मुबारिकपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बेसहारा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर रूप धारण करती जा रही है। अचानक सड़क पर पशुओं के आ जाने से इस क्षेत्र में पहले भी कई बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं। हाल ही में कलरूही के पास भी बेसहारा पशुओं से टकराने के कारण एक वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें एक व्यक्ति को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। मार्ग पर लगातार हो रहे इन जानलेवा हादसों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बेसहारा पशुओं की समस्या का जल्द से जल्द स्थायी समाधान करने की पुरजोर मांग की है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!