Khabron wala
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के अंतर्गत आने वाले हरिपुर टोहाना क्षेत्र में बस चालक के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पुलिस थाना पुरुवाला में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
आज सुबह, अवनि बस (संख्या HP 71-2608) के चालक धनवीर सिंह उर्फ बब्बू (निवासी आगरों, डाकघर नघेता, तहसील पांवटा साहिब) पांवटा साहिब बस स्टैंड से टारू भैला की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 8:20 बजे जब बस हरिपुर टोहाना पहुंची, तो मोड़ के पास चालक ने सतर्कता दिखाते हुए बस का हॉर्न बजाया। इसी दौरान सड़क किनारे स्थित एक घर से बाहर आए एक बुजुर्ग व्यक्ति ने बस को रुकवाया और चालक को जबरन नीचे खींच लिया।
शिकायत के अनुसार, इसके तुरंत बाद वहां दो अन्य व्यक्ति भी पहुंच गए। आरोप है कि उनमें से एक ने डंडे से चालक के सिर पर वार किया, जबकि अन्य ने कंडक्टर कपिल को धक्का देकर उसके हाथ से कैश वाला बैग छीन लिया। साथ ही, आरोपियों द्वारा चालक के साथ लात-मुक्कों से मारपीट की गई और जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
पीड़ित चालक द्वारा दी गई शिकायत में आरोपियों की पहचान अख्तर अली, दिलशाद और संजय खान के रूप में बताई गई है। पुलिस ने पीड़ित चालक का मेडिकल परीक्षण करवाकर आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और अन्वेषण के दौरान सामने आने वाले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।









