ADVERTISEMENT

Shimla: दलबदलुओं को लेकर CM सुक्खू का बड़ा बयान, जयराम ठाकुर और सांसद हर्ष महाजन पर भी पलटवार

Khabron wala 

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जब शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया था, तब कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सहित अन्य नेता, प्रदेश पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। अब उनकी जन्मस्थली सराहन में भी बीते दिनों प्रतिमा का अनावरण हुआ है, जिसमें उन्हें भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन किन्हीं व्यस्तताओं के कारण वे उपस्थित नहीं हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कि उनकी प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को गुटबाजी से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बुधवार को शिमला में आयोजित एक कार्यक्रम के उपरांत मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने अनौपचारिक बातचीत के दौरान एक अन्य सवाल के जवाब में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और सांसद हर्ष महाजन पर भी पलटवार किया।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को कांग्रेस की छोड़ भाजपा की चिंता करनी चाहिए क्योंकि भाजपा खुद 5 अलग-अलग गुटों में बंटी हुई है। साथ ही कहा कि सांसद हर्ष महाजन राजनीति में उनके बाद आए हैं। उनके राजनीति में आने से पहले एन.एस.यू.आई के अध्यक्ष बन चुके थे। वहीं कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए 6 विधायकों की वापसी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी खुद उन्हें वापस लेना ही नहीं चाहती तो वे बात क्या करेंगे।

उन्होंने कहा कि यदि कोई ओर भी भाजपा में जाने के इच्छुक है, तो वे भी जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में विपक्ष के पास कांग्रेस सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है, ऐसे में तथ्यहीन बयानबाजी कर सुर्खियों के बने रहने के प्रयास किए जा रहे है। मुख्यमंत्री ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि लोगों के मन में पैदा हो रहे संदेह को दूर करने के लिए यदि बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाते है तो अच्छा होगा।

विधानसभा अध्यक्ष कहेंगे तो नवम्बर में बुलाया जा सकता है शीतकालीन सत्र

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि यदि विधानसभा अध्यक्ष कहेंगे तो नवम्बर में विधानसभा का शीतकालीन सत्र बुलाया जा सकता है। उन्होंने ये तर्क भी दिया गया कि दिसम्बर माह से टूरिस्ट सीजन शुरू होता है। ऐसे में धर्मशाला जोकि टूरिस्ट प्लेस भी है, वहां सत्र के चलते सरकार और अन्य लोगों की आवाजाही बढ़ने से ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है, जिससे पर्यटकों व स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में यदि अध्यक्ष कहेंगे तो नवम्बर में सत्र करवाया जा सकता है।

कार्यक्रम को राजनीतिक चश्मे से न देखें: विक्रमादित्य

वहीं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेता द्वारा की जा रही बयानबाजी को तथ्यहीन और गैर-जिम्मेदाराना करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस आयोजन को गुटबाजी से जुड़ा जाना सही नहीं है। मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में सबको आमंत्रित किया गया था। ऐसे में जो आ सकते थे, वे आए और जो नहीं आ सकें, वे किन्हीं व्यस्तताओं के कारण नहीं आ सकें। ऐसे में तथ्यहीन बातों को हवा देना सही नहीं है और कोई भी इस कार्यक्रम को राजनीतिक चश्मे से न देखें।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *