Khabron wala
पुलिस थाना डमटाल की सीमा से सटे पठानकोट-जालंधर नैशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार स्लीपर बस काल बनकर दौड़ी। पंजाब के गांव कौंतलपुर के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छोटी बच्ची समेत 4 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त बस को आग के हवाले कर दिया, जिससे हाईवे पर भारी तनाव और जाम की स्थिति पैदा हो गई।
चश्मदीदों के अनुसार हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। मौके पर मौजूद गांव कौंतलपुर निवासी प्रह्लाद सिंह और निर्मल सिंह ने बताया कि एक निजी कंपनी की स्लीपर बस दिल्ली से जम्मू की ओर जा रही थी। कौंतलपुर मुख्य चौक पर बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक नियंत्रण खो बैठा। बस ने सबसे पहले स्कूटी सवार एक महिला को जोरदार टक्कर मारी। खौफनाक बात यह रही कि टक्कर के बाद बस रुकी नहीं, बल्कि स्कूटी को करीब 200 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गई। इसके बाद इस बेकाबू बस ने 2 मोटरसाइकिल सवारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार 2 युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सड़क पर बिखरा खून और बस चालक की घोर लापरवाही देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने स्लीपर बस को आग लगा दी और संबंधित कंपनी व बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बस धू-धू कर जलने लगी, जिसके कारण पठानकोट-जालंधर नैशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया।
तनावपूर्ण स्थिति की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसपी गुरइकबाल सिंह ने स्थिति को नियंत्रण में लिया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में 2 लोगों की मौत हुई है और 4 घायल हैं, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। भीड़ द्वारा लगाई गई आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीमों को बुलाया गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और हाईवे पर यातायात बहाल करवाया।
इस पूरे मामले पर एसएसपी पठानकोट दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि इस भयानक हादसे को लेकर पुलिस थाना नंगलभूर में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



