Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में मानसून इनदिनों कहर बनकर बरस रहा है. भारी बारिश, बादल फटने फ्लैश फ्लड और लैंडस्लाइड ने भयंकर तबाही मचाई है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है, जबकि एक-दो जगहों पर भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. मौसम विभाग ने आज (मंगलवार, 23 जुलाई को) प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.
भारी बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज (गुरुवार, 23 जुलाई को) हिमाचल प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिले में एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की संभवना है. किन्नौर और लाहौल स्पीति जिले में किसी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. प्रदेश में नदी-नाले उफान पर होने के कारण मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है.
हिमाचल प्रदेश में मानसून अपने सबसे आक्रामक दौर में है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे तक प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश होने के आसार हैं. 28 जुलाई तक प्रदेश में विभिन्न जिलों में एक-दो जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है. 28 जुलाई तक किन्नौर और लाहौल स्पीति जिले में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान कम ऊंचाई और मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों परआंधी-तूफान/बिजली कड़कने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, शिमला जिले में मशोबरा में 12 सेमी, बिलासपुर के श्री नैना देवी में 11 सेमी, ऊना जिले के नंगल बांध में 9 सेमी, बिलासपुर के मालरौण में 8 सेमी, सिरमौर जिले के जत्तन बैराज में 7 सेमी, कुफरी में 7 सेमी, शिमला में 7 सेमी, बिलासपुर के काहू में 6, बिलासपुर एडब्ल्यूएस, बिलासपुर सदर, धर्मशाला, श्री रेणुका जी/दाधौ, बिलासपुर के ओलिन्दा और चंबा जिले के जोत में 5 सेमी, बिलासपुर के घाघस में 4 सेमी, मंडी जिले के स्लेपर, कसौली, अंब, पालमपुर, रामपुर बुशहर, धौलाकुआं एडब्ल्यूएस, शिमला एयरो, धर्मपुर, पंडोह, ऊना, सुजानपुर टीरा, रोहड़ू और जोगिंदरनगर में 3 सेमी, सुंदरनगर, पांवटा साहिब, ऊना जिले के रायपुर मैदान, बरठीं, मुरारी देवी, भरमौर और मनाली में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई है. वहीं, मंडी, नगरोटा सूरियां, सैंज एडब्ल्यूएस, ऊना जिले के भरवाईं और शिमला जिले के सराहन में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई है.
भारी बारिश से बढ़ सकती है परेशानी
मौसम विभाग ने इन जिलों में भारी बारिश के बाद भूस्खलन और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के कारण लोगों से बेहद सावधानी बरतने की अपील की है.
भारी बारिश से बागवानी और खेती को आंशिक नुकसान की संभावना.
भारी बारिश के चलते प्रदेश के निचले इलाों में जलदजमाव की समस्या.
फिसलन भरी सड़कों और कम विजिबिलिटी की वजह से गाड़ियां फिसल सकती हैं.
भारी से अति भारी बारिश के चलते सड़क मार्ग बाधित होने के चलते ट्रैफिक जाम होने की संभावना.
भारी बारिश की वजह से जरूरी सेवाएं और रोजाना के बाहरी काम कुछ समय के लिए प्रभावित हो सकते हैं.
जनता से प्रशासन की अपील
भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और जमीन धंसने वाले संभावित क्षेत्रों से दूर रहें.
भारी बारिश के दौरान वाहन चालक ट्रैफिक नियमों का विशेष रूप से पालन करें.
बरसात के मौसम में संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचें.
नदी-नाले उफान पर होने के कारण पानी वाली जगहों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें.
प्रदेश सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन जरूर करें.


