ADVERTISEMENT

Solan: ड्रग कंट्रोलर बनकर लाखों की ठगी व रंगदारी मांगने का आरोपी गिरफ्तार

Khabron wala 

बरोटीवाला स्थित एक फार्मा कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा पुलिस थाना बरोटीवाला में शिकायत दर्ज करवाई गई कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा स्वयं को ड्रग कंट्रोलर बताकर उनकी कंपनी से लाखों रुपए की ठगी की गई तथा लगातार रंगदारी की मांग की जा रही है। उक्त शिकायत पर पुलिस थाना बरोटीवाला द्वारा तत्परता से मामला पंजीकृत कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच प्रारंभ की गई। पुलिस ने ठोस साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण तथा त्वरित कार्रवाई के आधार पर मामले में संलिप्त एक आरोपी को आज गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरपाल (22)पुत्र जय किशन, निवासी गांव खोखरा डाकघर नानकपुर तहसील कालका जिला पंचकुला हरियाणा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी स्वयं को ड्रग कंट्रोलर बताकर फोन कर अवैध धनराशि की मांग करता था।

पुलिस ने मामले में वारदात में संलिप्त वाहन सहित 50,000 रुपए नकद एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी अपने कब्जे में ले लिए हैं। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा उनकी भूमिका की गहन जांच की जा रही है। उक्त गिरफ्तार आरोपी को 4 अगस्त को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया जाएगा, ताकि उससे विस्तृत पूछताछ कर इस धोखाधड़ी एवं रंगदारी गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों तथा तथ्यों का खुलासा किया जा सके। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। यह जानकारी पुलिस उपाधीक्षक अशोक वर्मा ने दी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!