नदी के बीच फंसे 4 गुर्जर परिवारों के 25 लोगों का किया रेस्क्यू , तहसीलदार मस्तराम शर्मा के नेतृत्व में सकुशल निकले गए सभी लोग
नाहन के थाना सदर में श्री भूपेन्द्र कुमार द्वारा यह सूचना दी गई कि भारी बारिश के कारण कटासन के समीप जलमूषा खड्ड में अचानक अत्यधिक पानी आ जाने से 4 गुर्जर परिवारों के लगभग 25 लोग नदी के बीच फंस गए हैं। इस आपातकालीन सूचना के प्राप्त होते ही थाना सदर नाहन के प्रभारी (निरीक्षक) अपने पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम तथा तहसीलदार पांवटा साहिब मस्त राम शर्मा भी उपस्थित रहे। बचाव कार्य में बेहतर अंतर-एजेंसी समन्वय स्थापित करने के लिए एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को भी तुरंत मौके पर बुलाया गया और उन्हें स्टैंडबाय (Standby) पर रखा गया।
पुलिस और होमगार्ड की टीमों द्वारा एक सघन और जोखिम भरा बचाव अभियान शुरू किया गया जो लगातार तीन घंटे तक चला। जैसे ही खड्ड में जलस्तर में थोड़ी कमी आनी शुरू हुई, हमारे होमगार्ड और पुलिस के जवानों ने अदम्य साहस और तत्परता का परिचय देते हुए अपने स्तर पर ही बचाव कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया और नदी में फंसे सभी 25 व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
नदी से सुरक्षित निकाले गए लोगों में 6 माह की बच्ची से लेकर 45 वर्ष तक के व्यक्ति शामिल हैं। बचाए गए सदस्यों का विवरण इस प्रकार है: गामी (40 वर्ष), भुरा (45 वर्ष), अम्बो (35 वर्ष), जाफर (39 वर्ष), सदम (18 वर्ष), शमशाद (17 वर्ष), मन्जुर (36 वर्ष), सेफ (28 वर्ष), लयाक्त (27 वर्ष), बिनु (25 वर्ष), हाजरा (37 वर्ष), हुरन (40 वर्ष), आशु (20 वर्ष), खतीजा (11 वर्ष), सुहाना (15 वर्ष), जतुन (12 वर्ष), इरशाद (5 वर्ष), दिलशाद (6 वर्ष), ईरशाद (3 वर्ष), शबीना (1.5 वर्ष), इकरा (6 माह), जाफर (10 वर्ष), अब्दुल (15 वर्ष) और नानकी (45 वर्ष)।
यह पूरा बचाव अभियान बिना किसी जन-हानि या नुकसान के सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है तथा क्षेत्र में स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है। मामले की पुष्टि सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने की है












