Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में कार हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. लगातार चंबा में हादसे हो रहे हैं. भरमौर से भाजपा विधायक जनक राज ने हादसे की पुष्टि की है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया है और हादसे की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, चम्बा के होली स्थित लामू-हीलिंग सड़क मार्ग पर आल्टो कार गहरी खाई में जा गिरी और इसमें लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी समेत दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान लामू के संजय और सुरेश उर्फ नापा के रूप में हुई है. हादसे के पीछे की वजह का पता नहीं चल पाया है. भाजपा विधायक जनक राज ने सोशल मीडिया पर बताया कि लामू में कार हादसे में दो लोगों की मौत हुई है.
बताया जा रहा है कि दोनों युवक देर रात हीलिंग से अपने घर की ओर लौट रहे थे और हीलिंग नाले के समीप उनकी ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई. यह हादसा बुधवार रात्रि 11:00 के बाद का बताया जा रहा था.
मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48) पुत्र रंगीला राम और संजय कुमार (35) पुत्र सरवन शर्मा निवासी गांव लांमू के रूप में हुई है. सुरेश कुमार सरकारी कर्मचारी था, जबकि संजय टैक्सी चलाता है. सुरेश के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है जबकि संजय के पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं. फिलहाल परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गौर रहे कि चंबा में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं. हाल ही में कार, टाटा सूमो समेत अन्य हादसों में 20 लोगों की मौत हो गई थी. बीते दो महीने में चंबा में हादसों में 50 के करीब लोगों की मौत हुई है.











