Khabron wala
कांगड़ा जिला के अंतर्गत भरवाना पंचायत के गांव भुआणा में हुई करीब 9 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी की वारदात को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करेगी और मामले की आगामी जांच के लिए पुलिस रिमांड की मांग करेगी। भरवाना पंचायत के गांव भुआणा में चोरों द्वारा सोमवार रात्रि एक सूने मकान को निशान बनाते हुए लाखों रुपए के गहनों पर हाथ साफ कर दिया था। यहां चोरी भुआणा निवासी श्रवण कुमार के घर में की गई थी, जबकि घर के सदस्य बैजनाथ स्थित सुसराल में समारोह में भाग लेने के लिए गए हुए थे।
आरोपियों में 2 सगे भाई शामिल
आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह, कालू राम और बॉबी कुमार के रूप में हुई है। तीनों आरोपी बैजनाथ में बिनवा खड्ड के पास रेलवे पुल के नीचे बनी झुग्गी-झोपड़ियों में रहते हैं। इनमें गुरदीप सिंह और कालू राम आपस में सगे भाई हैं। तीनों आरोपी पिछले काफी वर्षों से बैजनाथ क्षेत्र में रह रहे हैं। ये लोग बाहरी राज्य से संबंधित हैं। इनके पिछले रिकॉर्ड की जांच भी शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों को बैजनाथ से गिरफ्तार किया। हालांकि अभी तक चोरी किए गए गहनों की बरामदगी नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी पिछले करीब 40 वर्षों से बैजनाथ क्षेत्र में रह रहे हैं और अन्य राज्यों के परिवारों से संबंधित हैं। इनके खिलाफ पहले भी बैजनाथ थाना और जोगिंद्रनगर थाना में चोरी के मामले दर्ज हैं।
बैजनाथ में बनाई थी चोरी की योजना
कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपियों के अनुसार उन्होंने सबसे पहले बैजनाथ में चोरी की योजना बनाई और एक बिना नंबर की बाइक लेकर चोरी के लिए निकले। उसके बाद वे नागटा पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने एक ऐसे घर का ताला तोड़ा, जिसमें कोई मौजूद नहीं था, लेकिन वहां से उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ। उसके बाद तीनों आरोपी भरवाना पंचायत के भुआणा गांव पहुंचे और एक घर का ताला तोड़कर वहां से करीब 9 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। चोरी के बाद वे वापस बैजनाथ स्थित अपनी झुग्गी में पहुंच गए। उन्होंने लम्लेहड़ पंचायत के मट्ट गांव में चोरी करने की योजना बनाई थी, लेकिन घर के लोगों के जाग जाने और गांव में शोर मचने के कारण वे मौके से भाग निकले।
बहुरूपिए बनकर करते थे घरों की रैकी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी के गहने बैजनाथ के एक व्यक्ति को मात्र 15,000 रुपए में बेच दिए थे और तीनों ने आपस में 5-5 हजार रुपए बांट लिए थे। पुलिस अब गहने खरीदने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है। जांच के दौरान चोरी की अन्य वारदातों और आरोपियों के साथ जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि वे दिन के समय कभी-कभार दिहाड़ी मजदूरी करते थे, जबकि मंगलवार और शनिवार को भगवान के वेश (बहुरूपिया) में गांव-गांव जाकर पैसे मांगने के बहाने घरों की रैकी करते थे और रात के समय चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। वहीं पंचरुखी पुलिस थाना के प्रभारी गोपाल कृष्ण ने बताया कि आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल की है। जल्द ही चोरी किए गए सामान की बरामदगी की जाएगी। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।










