पोस्टमार्टम के बाद आईआईएम सिरमौर के छात्र का पांवटा साहिब में अंतिम संस्कार ,परिजनों ने आईआईएम प्रबंध संस्थान के अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
प्रारब्ध के परिजनों ने आईआईएम सिरमौर के प्रबंधन स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए पुलिस में दिया शिकायत पत्र
नाहन : आईआईएम सिरमौर के छात्र प्रारब्ध शुक्ला द्वारा शुक्रवार को की गई आत्महत्या के बाद शनिवार को पुलिस ने परिजनों के सामने सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में पोस्टमार्टम करवा कर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने पांवटा साहिब के स्वर्ग धाम में घर के इकलौते बेटे प्रारब्ध शुक्ला का अंतिम संस्कार किया। मध्य प्रदेश के जबलपुर से पांवटा साहिब पहुंचे परिजनों ने अंतिम संस्कार के बाद पिता अनुपम शुक्ला तथा चाचा श्याम जी शुक्ला (आईआईएम लखनऊ से पास आउट) ने आईआईएम सिरमौर प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अनुपम शुक्ला तथा श्याम जी शुक्ला ने पांवटा साहिब में मीडिया को बयान देते हुए आरोप लगाया कि यदि आईआईएम सिरमौर प्रबंधन ने समय पर सूचना दी होती, तो उनका इकलौता बच्चा आज जीवित होता। प्रारब्ध पिछले तीन दिनों से परिजनों के फोन नहीं उठा रहा था। जिसके चलते पिता ने उसके हॉस्टल के वार्डन को शुक्रवार को फोन किया। जिसके बाद उन्हें हादसे की जानकारी दी गई। पिता अनुपम शुक्ला तथा चाचा श्याम जी शुक्ला ने बताया कि वर्ष 2024 में जब वह आईआईएम सिरमौर में आया था, तो वह पूरी तरह सेहतमंद था। आरोप है कि आईआईएम के छात्रों व स्टाफ ने उसके साथ ठीक व्यवहार नहीं किया। जब उसने आईआईएम के छात्रों द्वारा की जा रही व्यवहार की शिकायत प्रबंधन से की। तो उसे पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते प्रारब्ध डिप्रेशन में चला गया। इस घटना की जानकारी पीएमओ को भी भेजेंगे। प्रारब्ध के पिता अनुपम शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद उन्हें जानकारी मिली है कि प्रारब्ध ने दो दिन पहले चाकू से अपना हाथ भी काट लिया था। उसकी मृत्यु करीब 20 घंटे पहले हुई थी। आखिर क्यों प्रबंधन में उसके हॉस्टल की जांच नहीं की, क्यों नहीं देखा कि वह पेपर देने भी नहीं गया। आखिर किस की लापरवाही से प्रारब्ध में अपनी जान ली। पिता अनुपम शुक्ला तथा चाचा श्याम जी शुक्ला ने बताया कि वह आईआईएम प्रबंधन के खिलाफ अलग से एक ओर शिकायत दर्ज करवाने जा रहे हैं। उधर जब इस संदर्भ में आईआईएम सिरमौर के निदेशक डॉक्टर प्रफुल्ल अग्निहोत्री से बात की गई। तो उन्होंने बताया कि संस्थान ने अपना एक छात्र खोया है, वह दुख की घड़ी में परिजनों के साथ खड़े हैं। इस घटना के पूरे मामले की जांच की जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











