ADVERTISEMENT

सिरमौर: गैस्ट हाऊस में तय हुआ रिश्ता…शगुन मिलते ही मां-बेटी ने कर दिया ऐसा कांड, सन्न रह गया दिल्ली का परिवार

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से शादी के नाम पर धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में रिश्ता तय होने के तुरंत बाद एक युवती और उसकी मां होने वाले ससुराल पक्ष से करीब 2.20 लाख रुपए के गहने लेकर फरार हो गईं। इस संबंध में दिल्ली निवासी पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में दिल्ली निवासी विपिन वालिया ने बताया कि उनके भाई विशाल वालिया के लिए 17 अगस्त को एक व्यक्ति ने शादी का प्रस्ताव रखा था। इसके बाद 21 अगस्त को बिचौलिए अरविंद के माध्यम से उन्हें लड़की देखने और रिश्ता पक्का करने के लिए सिरमौर के हरिपुरधार बुलाया गया। 21 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे हरिपुरधार के एक गेस्ट हाऊस में लड़की को देखने के बाद दोनों परिवारों की रजामंदी से रिश्ता तय हो गया। शिकायतकर्ता के अनुसार रिश्ता पक्का होने की खुशी में रस्म के तौर पर लड़के की मां ने युवती को करीब 2.20 लाख रुपए केआभूषण दिए। इनमें एक सोने का पेंडेंट, एक सोने की अंगूठी और हीरे की ईयर रिंग (झुमके) शामिल थे। इसके अलावा, बिचौलिए अरविंद को भी 31,000 रुपए की नकदी दी गई।

नाहन मेडिकल कॉलेज जाने का बहाना कर दिया चकमा

तय कार्यक्रम के अनुसार अगले ही दिन यानी 22 अगस्त को शादी होनी थी। ऐसे में यह तय हुआ कि युवती, उसकी मां और बिचौलिया लड़के वालों के साथ ही दिल्ली चलेंगे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सफर के दौरान युवती और उसकी मां ने नाहन मेडिकल कॉलेज में काम करने वाले युवती के चाचा से मिलने की इच्छा जताई। जब वे सभी नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो मौका पाकर मां-बेटी गहनों समेत वहां से गायब हो गईं। पीड़ित परिवार का कहना है कि मेडिकल कॉलेज जाने की बात महज एक बहाना थी, ताकि वे गहने लेकर भाग सकें।

बिचौलिए की भूमिका भी संदेह के घेरे में, पुलिस जांच में जुटी

ठगी का अहसास होने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस पूरी मुस्तैदी से मामले की जांच में जुट गई है। इस पूरे घटनाक्रम में युवती और उसकी मां के साथ-साथ बिचौलिए अरविंद की भूमिका भी संदेह के घेरे में है, जिसे पुलिस खंगाल रही है।

घटना से जुड़े तथ्यों की गहनता से हो रही जांच : एसपी

सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दिल्ली निवासी व्यक्ति की ओर से धोखाधड़ी की शिकायत मिली है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं, गहनों के लेनदेन और आरोपियों की लोकेशन के संबंध में साक्ष्य जुटा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *