Khabron wala
नेपाल में आई बाढ़ के बाद से ऊना जिले का एक इंजीनियर युवक भी लापता हो गया है। परिवार का उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते परिवार भी परेशानी में है। परिवार ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से संपर्क किया है और युवक का पता लगाने का आग्रह किया है।
वहीं, परिवार के लोग वीरवार को ऊना से नेपाल के लिए रवाना हुए हैं, ताकि युवक का पता किया जा सके। जानकारी के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र ऊना ऊना के नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा के वार्ड नंबर 8 के निवासी सुखविन्द्र सिंह (30) पुत्र हुसन लाल पिछले कुछ समय से नेपाल के त्रिशुली हाईड्रो पावर प्रोजैक्ट-1 में बतौर इंजीनियर तैनात हैं। नेपाल में बुधवार को आई बाढ़ के बाद से सुखविन्द्र सिंह से उनके परिवार का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते परिवार चिंतित है और लगातार सुखविन्द्र से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं।
परिवार चिंतित
सुखविन्द्र सिंह के परिवार ने इस संबंध में ऊना सदर के पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा से भी संपर्क किया है और उन्हें भी युवक के लापता होने के बारे में जानकारी दी। परिवार ने रायजादा से प्रशासन और सरकार के माध्यम से हस्तक्षेप कर उनके बेटे का पता लगाने का आग्रह किया है। इस पर सतपाल सिंह रायजादा ने कहा कि परिवार चिंता में है और उनकी मदद के लिए जिला प्रशासन को सूचित किया गया है व लापता युवक की तलाश के लिए प्रयास करने को कहा गया है। वह शिमला जा रहे हैं और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिलकर युवक का मामला उनके समक्ष रखेंगे, ताकि जल्द कोई सकारात्मक कदम उठाया जा सके। सुखविन्द्र के रिश्तेदार सुनील कुमार ने बताया कि सुखविन्द्र से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं और ऊना जिला प्रशासन से भी इसके लिए आग्रह किया गया है। अभी तक उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया है, जिससे परिवार चिंतित है।









