ADVERTISEMENT

चूड़धार यात्रा पर गई 27 साल की युवती के साथ दर्दनाक हादसा, ढांक में गिरने से गई जान, पुलिस जांच में जुटी

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार में एक युवती के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। अपने साथियों के साथ चूड़धार यात्रा पर गई युवती की ढांक में गिरने से मौत हो गई है। मृतका की पहचान कुमारी प्रेषिता मेहता (27) पुत्री शैलेंद्र मेहता निवासी गांव देहरा दोहाई, डाकघर डुब्बलू, तहसील व जिला शिमला के रूप में हुई है।

हादसा उस वक्त पेश आया जब ये सभी चूड़धार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मड़हा लाणी के समीप पहुंचे तो प्रेषिता अचानक गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती को नागरिक अस्पताल चौपाल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेषिता अपने साथियों के साथ सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार की पवित्र यात्रा पर निकली थी। वापसी में पैदल चलते समय अचानक युवती का संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह सीधे खाई में लुढ़क गई। युवती के खाई में गिरते ही साथ चल रहे साथियों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों और प्रशासन को घटना की सूचना दी।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से युवती को कड़ी मशक्कत के बाद गहरी खाई से बाहर निकाला गया और नागरिक अस्पताल चौपाल लाया गया। लेकिन, अत्याधिक ऊंचाई से गिरने और सिर व शरीर पर आई गंभीर चोटों के कारण अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है।

उधर, एडिशनल एसपी शिमला गौरबजीत सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही चौपाल थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया है। चौपाल पुलिस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर रही है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *