Khabron wala
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में सेब सीजन के बीच धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। पतलीकूहल सब्जी मंडी से एक व्यापारी आढ़तियों का करीब 30 लाख रुपए का सेब लेकर बिना भुगतान किए फरार हो गया है। इस घटना के बाद से मंडी के आढ़तियों के साथ-साथ स्थानीय बागवानों की चिंताएं भी काफी बढ़ गई हैं।
3-4 वर्षों से कर रहा था कारोबार, विश्वास का उठाया फायदा
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी कारोबारी की पहचान हरिंदर साहनी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से वैशाली (बिहार) का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि यह व्यापारी पिछले 3 से 4 वर्षों से पतलीकूहल सब्जी मंडी में सेब का कारोबार कर रहा था। इतने वर्षों से काम करने के कारण मंडी के आढ़तियों का उस पर विश्वास बन गया था। इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए उसने इस सेब सीजन में कई आढ़तियों से भारी मात्रा में सेब की खरीद की।
चैक हुए बाऊंस, कमरा खाली कर हुआ रफूचक्कर
आरोपी व्यापारी ने ठगी की इस वारदात को बेहद शातिराना तरीके से अंजाम दिया। उसने कुछ आढ़तियों को भुगतान का भरोसा दिलाने के लिए एडवांस में बैंक चैक भी दिए थे, लेकिन जब आढ़तियों ने वे चेक बैंक में लगाए, तो खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण चैक बाऊंस हो गए। जब आढ़तियों ने व्यापारी से संपर्क करने की कोशिश की तो पता चला कि वह अपना किराए का कमरा खाली कर चुका है। वर्तमान में आरोपी का मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है।
आढ़तियों पर गहराया आर्थिक संकट, पुलिस में शिकायत दर्ज
व्यापारी के लाखों रुपए का सेब लेकर फरार होने से आढ़तियों के सामने भारी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। आढ़तियों का पैसा फंसने का सीधा असर उन बागवानों पर भी पड़ेगा, जिन्होंने अपनी फसल मंडी में बेची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पतलीकूहल सब्जी मंडी आढ़ती संघ ने पुलिस थाना पतलीकूहल में आरोपी व्यापारी के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवा दी है। आढ़ती संघ के अध्यक्ष कुंज लाल ठाकुर ने पुलिस प्रशासन से कड़ी मांग की है कि आरोपी व्यापारी की लोकेशन को जल्द से जल्द ट्रेस किया जाए और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर आढ़तियों का पैसा वापस दिलवाया जाए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।








