ADVERTISEMENT

श्री महामाया बालासुंदरी जी त्रिलोकपुर अश्विन नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

श्री महामाया बालासुंदरी जी त्रिलोकपुर अश्विन नवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

नाहन, 8 सितंबर। उपायुक्त सिरमौर एवं श्री महामाया बालासुंदरी जी त्रिलोकपुर अश्विन नवरात्रि मेला समिति की अध्यक्ष प्रियंका वर्मा ने आज विधायक नाहन अजय सोलंकी की उपस्थिति में मेले के सफल आयोजन को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बताया कि श्री महामाया बालासुंदरी जी त्रिलोकपुर अश्विन नवरात्रि मेला 11 अक्तूबर से 26 अक्तूबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

उपायुक्त ने मेले के सुचारू संचालन के लिए उपमंडलाधिकारी नाहन को मुख्य मेला अधिकारी, तहसीलदार नाहन को मेला अधिकारी तथा एएसपी नाहन को मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित कर राजस्व अधिकारियों को अस्थायी आधार पर मेला ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को मेला अवधि के दौरान पर्याप्त संख्या में खाद्य निरीक्षक तैनात करने तथा मेला क्षेत्र में खान-पान सामग्री के स्टॉलों का नियमित एवं निरंतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने फल विक्रेताओं, दुग्ध विक्रेताओं तथा मिठाई एवं प्रसाद की गुणवत्ता की भी नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मेला क्षेत्र में स्टाफ सहित एम्बुलेंस वाहन तैनात करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मेले के दौरान आपातकालीन दवाइयों सहित दो प्राथमिक चिकित्सा बूथ स्थापित किए जाएंगे। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी को त्रिलोकपुर स्थित आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ-साथ आयुष विभाग द्वारा भी मेले के दौरान स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, कानून एवं व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल आपूर्ति, वाहन पार्किंग, अग्निशमन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने भंडारा व्यवस्था तथा मेले के दौरान किराए में संभावित वृद्धि से संबंधित विषयों पर भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि अश्विन नवरात्रि मेला श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को मेले से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मेला के दौरान केवल चयनित भंडारा स्थानों पर ही भंडारे का आयोजन होगा।

तहसीलदार नाहन एवं मंदिर अधिकारी माता बाला सुंदरी मंदिर, त्रिलोकपुर उपेंद्र चैहान ने बैठक का संचालन करते हुए मदों को क्रमवार प्रस्तुत किया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार, उपमंडलाधिकारी नाहन एवं संयुक्त आयुक्त मंदिर न्यास, त्रिलोकपुर राजीव सांख्यान, खंड विकास अधिकारी नाहन राहुल धीमान, जिला आयुष अधिकारी डाॅ. जसप्रीत कौर सहित मंदिर न्यास के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

जिला लोक सम्पर्क अधिकारी, सिरमौर स्थित नाहन

01702-225024

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *