1 एचपी बटालियन एनसीसी नाहन के कमांडिंग ऑफिसर ने गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल,पांवटा साहिब का किया औपचारिक निरीक्षण
1एचपी बटालियन एनसीसी नाहन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जे.एस. चौहान ने गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल पांवटा साहिब का औपचारिक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में एनसीसी की गतिविधियों का जायजा लिया तथा कैडेट्स से संवाद कर उन्हें अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय पहुंचने पर कर्नल जे.एस. चौहान का स्वागत प्रधानाचार्या श्रीमती गुरविन्द्र कौर चावला और एसोसिएट एनसीसी सेकेंडऑफिसर विक्रम सिंह ने किया। इस अवसर पर उनके साथ सीनियर जेसीओ जय करण, पूर्व सैनिक हवलदार प्रमोद कुमार और पूर्व हवलदार चमन लाल भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स ने उनका स्वागत किया।
‘एकता और अनुशासन’ को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कर्नल चौहान ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए एनसीसी के आदर्श वाक्य ‘एकता और अनुशासन’ की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल वर्दी और परेड तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, भाईचारे और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का माध्यम है।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच सतर्क और जिम्मेदार रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग ज्ञान, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों के लिए किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने समय प्रबंधन, नियमित दिनचर्या और पढ़ाई में अनुशासन को सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी बताया।
कर्नल चौहान ने विद्यालय प्रशासन द्वारा युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रधानाचार्या श्रीमती गुरविन्द्र कौर चावला तथा सेकेंड ऑफ़िसर विक्रम सिंह के नेतृत्व की भी प्रशंसा की।
कैडेट्स के साथ संवाद के बाद कर्नल चौहान ने अपनी टीम के साथ विद्यालय परिसर में उपलब्ध एनसीसी सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशिक्षण क्षेत्र, परेड ग्राउंड तथा एनसीसी प्रशिक्षण कक्ष का जायजा लिया गया।
उन्होंने व्यवस्थाओं के रखरखाव को लेकर आवश्यक सुझाव दिए और कैडेट्स के प्रशिक्षण को और प्रभावी बनाने के लिए छोटे-छोटे सुधारों पर भी चर्चा की।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कर्नल जे.एस. चौहान द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया। कर्नल चौहान का यह दौरा कैडेट्स के लिए प्रेरणादायक रहा और इसने युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व तथा राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।









