ADVERTISEMENT

Solan: ऑर्डर पहुंचाने में जरा-सी देरी पर की मारपीट…फिर रिवॉल्वर से धमकाया डिलीवरी राइडर! पुलिस जांच में जुटी

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर में ऑर्डर पहुंचाने में हुई महज कुछ मिनटों की देरी पर एक ग्राहक द्वारा डिलीवरी राइडर के साथ मारपीट करने और कथित तौर पर रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद शहर के तमाम डिलीवरी राइडर्स में भारी रोष है और उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।

ठोडो मैदान के पास डिलीवरी देने गया था राइडर

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार पीड़ित डिलीवरी राइडर अनूप चौहान सोलन शहर में सामान डिलीवरी का काम करता है। अनूप ने बताया कि वह ठोडो मैदान के समीप डिलीवरी देने गया था और उसके पास उस इलाके के दो ऑर्डर थे। एक जगह सामान देने के बाद जब वह दूसरे ग्राहक के पास पहुंचा तो उसे थोड़ी देरी हो गई। आरोप है कि डिलीवरी में हुई इस मामूली देरी से नाराज होकर संबंधित व्यक्ति आगबबूला हो गया और अनूप के साथ उलझ गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि ग्राहक ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर डराने के लिए रिवॉल्वर निकालकर उसे जान से मारने की धमकी दी।

एकजुट होकर थाने पहुंचे राइडर्स, सुरक्षा की उठाई मांग

अपने साथी के साथ हुई इस घटना की सूचना मिलते ही शहर के अन्य डिलीवरी राइडर्स अपना काम छोड़कर एकजुट हो गए। बड़ी संख्या में राइडर्स ने पुलिस थाने का रुख किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज करवाई। राइडर्स ने पुलिस के समक्ष चिंता जताते हुए कहा कि ट्रैफिक या अन्य कारणों से डिलीवरी में कुछ देरी होना एक आम बात है, लेकिन इसके एवज में ग्राहकों द्वारा हिंसा पर उतारू होना उनके लिए जानलेवा साबित हो सकता है।

किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं : एएसपी 

इस मामले के लेकर पुलिस की टीमें घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर साफ हो सके। एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायत मिलते ही त्वरित जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राइडर के साथ मारपीट की बात सामने आई है, लेकिन रिवॉल्वर दिखाने के आरोपों की अभी गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर ही यह साफ हो पाएगा कि हथियार का इस्तेमाल हुआ था या नहीं। एएसपी ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि शहर में किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी। तथ्यों की पुष्टि होते ही आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *