ADVERTISEMENT

Solan: दुकान में घुसा आया तेंदुआ…वैल्डर की ले ली जान! इलाके में मचा हड़कंप

Khabron wala

सोलन जिले के दाड़लाघाट के समीपवर्ती गांव ज्ञाणा में एक बेहद खौफनाक घटना सामने आई है। यहां अपनी दुकान में काम कर रहे एक व्यक्ति को तेंदुए द्वारा अपना शिकार बना लिया गया। व्यक्ति का लहूलुहान शव दुकान के अंदर मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान हीरालाल के रूप में हुई है, जो गांव में वैल्डिंग का काम करता था। मृतक के भांजे वीरेंद्र ने बताया कि बीते मंगलवार को दुकान पर काम का दबाव ज्यादा था, जिसके चलते हीरालाल रात को घर नहीं लौटा और देर रात तक दुकान पर ही वैल्डिंग का काम करता रहा। बुधवार सुबह जब वह घर नहीं पहुंचा, तो चिंतित परिजन उसे देखने दुकान पर गए। वहां का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। दुकान का पिछला दरवाजा खुला हुआ था और अंदर हीरालाल बुरी तरह लहूलुहान हालत में मृत पड़ा था।

घटनास्थल के हालात साफ बयां कर रहे थे कि हीरालाल पर किसी जंगली जानवर (तेंदुए) ने हमला किया है। घटनास्थल पर एक 200 वाट का बिजली का बल्ब भी टूटा हुआ पाया गया। ग्रामीणों और परिजनों का अनुमान है कि जब तेंदुए ने हमला किया होगा, तो संघर्ष के दौरान यह बड़ा बल्ब टूट गया। संभवतः बल्ब टूटने की आवाज से तेंदुआ वहां से भाग निकला, अन्यथा वह शव को अपना निवाला बना सकता था

इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अर्की अस्पताल भेज दिया है। डीएफओ कुनिहार राजकुमार शर्मा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तेंदुए के हमले की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद वन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपए की मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी। फिलहाल, इस घटना के बाद से ज्ञाणा और आसपास के गांवों के लोग दहशत में हैं और उन्होंने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने की गुहार लगाई है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *