ADVERTISEMENT

हिमाचल में तस्करों का बड़ा खेल बेनकाब! टैक्सी से पकड़ी चिट्टे की खेप, पंजाब की महिला समेत 3 गिरफ्तार

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने शाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक टैक्सी से 67.62 ग्राम चिट्टा बरामद कर एक महिला सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर नूरपुर-गग्गल न्यू फोरलेन मार्ग पर मंझग्रां बस स्टैंड के पास नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान चैकिंग के लिए एक ऑल्टो के-10 टैक्सी (HP-01D-0743) को रोका गया। वाहन की गहन तलाशी लेने पर उसमें सवार 3 लोगों (दो पुरुष और एक महिला) के कब्जे से 67.62 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्रग्स और टैक्सी को अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार (36) निवासी शौकणी दा कोट (धर्मशाला), देवी सिंह (34) निवासी मझेड़ा (कांगड़ा) और 36 वर्षीय एक महिला के रूप में हुई है। गिरफ्तार महिला डुगवाला, तरनतारन, अमृतसर (पंजाब) की रहने वाली है। तीनों आरोपियों के खिलाफ शाहपुर पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब तीनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि चिट्टे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।

पुलिस की नजर में आया तस्करों का नया ट्रेंड

इस गिरफ्तारी के बाद जिला कांगड़ा पुलिस के सामने एक चिंताजनक बात भी सामने आई है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो रहा है कि मुख्य सप्लायर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने और चैकिंग से बचने के लिए अब चिट्टे की सप्लाई में महिलाओं का सहारा ले रहे हैं। पुलिस ने इस नए ट्रेंड को देखते हुए अपनी चैकिंग और खुफिया तंत्र को और अधिक सख्त कर दिया है।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *