ADVERTISEMENT

हिमाचल में फिर बारिश के आसार, इस मानसून में 329 लोगों की मौत

Khabron wala

राज्य में मानसून अब विदाई की ओर है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 21 से 24 सितम्बर तक राज्य में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। उसके बाद 25 और 26 सितम्बर को मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है, हालांकि भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। रविवार को प्रदेश भर में धूप खिली रही, लेकिन हाल ही में हुई बारिश के कारण राज्य में अभी भी 55 सड़कें अवरुद्ध हैं।

इस वर्ष प्रदेश में मानसून के दौरान सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है, इसके बावजूद जानमाल का भारी नुक्सान हुआ है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के आंकड़ों के अनुसार जून से अब तक बारिश जनित घटनाओं भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और सड़क हादसों में कुल 329 लोगों की जान जा चुकी है। इन हादसों में 567 लोग घायल हुए हैं और 4 अब भी लापता हैं।

आपदा के कारण प्रदेश में 139 घर, 17 दुकानें और 492 पशुशालाएं पूरी तरह जमींदोज हो गई हैं, जबकि 521 घरों को आंशिक नुक्सान पहुंचा है। सड़कों और पुलों के टूटने से अकेले लोक निर्माण विभाग को 2,744 करोड़ रुपए की चपत लगी है। राज्य में मानसून सीजन के दौरान कुल सरकारी और निजी नुक्सान का आंकड़ा 3,217 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *