ADVERTISEMENT

हिमाचल घूमने आए इंदौर के स्कूली बच्चों की गाड़ी खाई में लुढ़की, चीख पुकार से गूंज उठा पूरा इलाका

Khabron wala

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल.स्पीति से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां हिमाचल की वादियां घूमने आए मध्यप्रदेश के स्कूली बच्चों की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा लाहौल स्पीति जिला में हुआ है। हादसे के बाद मौके पर स्कूली बच्चांे की चीख.पुकार से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस हादसे में एक शिक्षक और सात बच्चे घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। यह हादसा कोकसर क्षेत्र में गर्ग एंड गर्ग प्लांट के समीप हुआ है।

मनाली से अटल टनल की ओर जा रहे थे बच्चे

जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में मध्य प्रदेश के इंदौर से हिमाचल घूमने आए 11 स्कूली बच्चे, एक शिक्षक और चालक सवार थे। वाहन मनाली से रोहतांग दर्रे के रास्ते कोकसर पहुंचा था और वहां से अटल टनल की ओर जा रहा था। इसी दौरान गर्ग एंड गर्ग प्लांट के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और टेंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे जा लुढ़का।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पोस्ट कोकसर की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने और घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने का काम शुरू किया। हादसे में घायल शिक्षक और सात बच्चों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य किया गया।

घायल बच्चों और शिक्षक को उपचार के लिए अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती करवाया गया है। इनमें से कुछ घायलों को मनाली अस्पताल ले जाया गया, जबकि अन्य को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिस्सू पहुंचाया गया। सभी घायलों का संबंधित अस्पतालों में उपचार जारी है। पुलिस ने घायलों के मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट भी प्राप्त कर लिए हैं।

डीएसपी हेडक्वार्टर केडी शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गई थी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। टेंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे किन परिस्थितियों में लुढ़का, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई पुलिस पोस्ट कोकसर के प्रभारी एएसआई श्याम लाल द्वारा की जा रही है। फिलहाल सभी की नजर घायलों के स्वास्थ्य पर है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और वाहन में सवार अन्य लोग सुरक्षित बच गए।

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *