Khabron wala
संगठन विस्तार में सुस्ती और अनुशासनहीनता के मामलों को प्रदेश किसान कांग्रेस ने गंभीरता से लेते हुए चार जिला अध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। इनमें कांगड़ा, हमीरपुर, सोलन और बिलासपुर जिला अध्यक्ष शामिल हैं। प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष रवि शर्मा के निर्देशों पर संगठन महासचिव राजेश वर्मा की ओर से ये नोटिस जारी किए गए हैं। कांगड़ा, हमीरपुर और सोलन जिला अध्यक्षों को जिला स्तर पर लंबे समय से संगठन का विस्तार न किए जाने के चलते 7 दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।
इसी तरह बिलासपुर जिला अध्यक्ष को अनुशासनहीनता के चलते नोटिस मिलने के 3 दिनों में अपना जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है। स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक और ठोस जवाब नहीं मिलता है, तो संगठन की ओर से संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जारी किए गए नोटिस की प्रति मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार और संबंधित जिला अध्यक्षों को भी प्रेषित की गई हैं।
किसान कांग्रेस के इस सख्त कदम से अब सभी की निगाहें चारों जिला अध्यक्षों की ओर से दिए जाने वाले जवाब और उसके बाद प्रदेश नेतृत्व के अगले फैसले पर टिक गई हैं। सूत्रों के अनुसार किसान कांग्रेस द्वारा की गई समीक्षा में कुछ पदाधिकारियों की परफॉर्मैंस बेहद निराशाजनक पाई गई है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन की मजबूती के लिए सख्त फैसले लेने शुरू कर दिए गए हैं। नेतृत्व की ओर से साफ संदेश दे दिया गया है कि पार्टी आगामी चुनावी समर में केवल वफादार और जुझारू सिपाहियों के दम पर मैदान में उतरेगी, न कि सिर्फ पद संभाल कर बैठे नेताओं के भरोसे चुनावी मैदान में उतरा जाएगा। वहीं माना जा रहा है कि जल्द ही कुछ अन्य पदाधिकारियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किए जा सकते हैं।
जल्द होगा शेष ब्लॉक कमेटियों का गठन
किसान कांग्रेस के भी प्रदेश में करीब 72 ब्लॉक हैं। इनमें से लगभग 20 में ब्लॉक कमेटियों का गठन किया जा चुका है जबकि जल्द ही शेष बचे सभी ब्लॉकों में भी कमेटियों का गठन कर दिया जाएगा। संगठन में केवल उन्हीं चेहरों की एंट्री होगी, जो संगठनात्मक गतिविधियों को धरातल तक पहुंचाने में सक्षम होंगे। साथ ही संगठन में नई ऊर्जा और धार लाने के लिए मुख्य रूप से युवा और सक्रिय चेहरों को आगे लाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
किसान कांग्रेस के संगठन महासचिव राजेश वर्मा ने कहा कि 4 जिला अध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन में जिसे जो जिम्मेदारी दी गई है, उन्हें अपने दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना होगा। साथ ही जल्द ही शेष बचे ब्लॉकों में भी कमेटियों का गठन कर दिया जाएगा।








