*22 साल से चारपाई पर बैठा दिव्यांग कुलदीप, आधार न होने से पेंशन-राशन से वंचित*
*सामाजिक कार्यकर्ता संजय कंवर घर पहुंचकर परिवार से मिले, डीसी सिरमौर से मिलकर उठाएंगे मुद्दा*
Khabron wala
पांवटा साहिब उपमंडल के मुंगलवाला करतारपुर पंचायत के करतारपुर गांव में एक 22 वर्षीय दिव्यांग युवक पिछले कई वर्षों से सरकारी सुविधाओं से वंचित है। आधार कार्ड न होने के कारण उसकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन आज तक नहीं लग पाई है। साथ ही केवाईसी न होने के कारण उसे राशन मिलना भी बंद हो गया है।
जानकारी के अनुसार सामाजिक कार्यकर्ता संजय कंवर को कुछ दिन पहले उनकी स्कूल की सहपाठी ममता का फोन आया था। ममता ने बताया कि करतारपुर गांव में एक 22 वर्षीय युवक बचपन से ही दिव्यांग है तथा आधार कार्ड नहीं होने के कारण उसकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं लग पाई है और केवाईसी नहीं होने के कारण राशन भी नहीं मिल पा रहा है।
सूचना मिलने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता संजय कंवर आज करतारपुर गांव में 22 वर्षीय दिव्यांग कुलदीप कुमार व उनकी माताजी नीलम से उनके घर जाकर मिले।
*घर पहुंचते ही देखा कि कुलदीप कुमार एक चारपाई पर बैठा था।* बचपन से ही दिव्यांग कुलदीप की आंखों में कोई शिकायत नहीं थी, बस एक मासूम सी उम्मीद थी कि शायद कोई उसकी मदद करेगा।
कुलदीप की माता नीलम ने बताया कि उनका बेटा बचपन से ही दिव्यांग है। आधार कार्ड नहीं होने के कारण उसकी पेंशन नहीं लग पाई है और राशन मिलना भी बंद हो गया है।
हैरानी की बात यह है कि कुलदीप का काफी साल पहले 80 प्रतिशत का मेडिकल सर्टिफिकेट भी बना हुआ है। इसके बावजूद आज तक किसी ने उसकी पेंशन लगवाने की पहल नहीं की।
इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता संजय कंवर की फोन पर जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी से बात हुई। उन्होंने बताया कि नई पेंशन लगाने के लिए आधार कार्ड होना अनिवार्य है।
इसके बाद संजय कंवर तहसील कल्याण अधिकारी सुमन शर्मा से पांवटा साहिब में उनके कार्यालय में जाकर मिले तथा इस संबंध में बात की। उन्होंने बताया कि कुलदीप कुमार का आधार कार्ड बनाने के लिए जिला अधिकारियों को लिखा गया है।
संजय कंवर ने बताया कि कुलदीप कुमार का आधार कार्ड बनवाने और पेंशन सहित अन्य सरकारी सुविधाएं दिलवाने को लेकर जल्द ही डीसी सिरमौर से मिलकर उनके समक्ष यह मुद्दा उठाया जाएगा, ताकि कुलदीप कुमार को न्याय और उसका अधिकार मिल सके।
*संजीव नागपाल ने की मदद*
संजय कंवर ने बताया कि इस दौरान पांवटा साहिब के निवासी संजीव नागपाल भी अपने परिवार सहित कुलदीप कुमार के घर पहुंचे और राशन व अन्य जरूरतमंद सामान के साथ नगद आर्थिक मदद की। संजय कंवर ने संजीव नागपाल का आभार व्यक्त किया।








