Khabron wala
एचआरटीसी रामपुर डिपो में तैनात 46 वर्षीय चालक की चाटी स्थित क्वार्टर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। साथी कर्मचारियों को वह कमरे में बेहोशी की हालत में मिला। आनन-फानन में उसे एमजीएमएससी खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके।
प्रारंभिक पर मौत का कारण हृदय गति रुकना माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। मृतक की पहचान संतोष कुमार (46) पुत्र स्वर्गीय रमेश चंद निवासी गांव लूणाधा, डाकघर फतेहपुर, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी के रूप में हुई है। वह एचआरटीसी रामपुर डिपो में चालक के पद पर कार्यरत था। पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर को संतोष कुमार अपने चाटी स्थित क्वार्टर में गया था। इसी दौरान परिचालक आकाश कौंडल और प्रकाश बहादुर ने उसे कमरे में बेहोशी की हालत में पाया। दोनों साथी उसे तुरंत खनेरी अस्पताल प्ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर ब्रौ थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव का निरीक्षण किया और फोटोग्राफी की। पुलिस को मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल, किसी ने भी मौत को लेकर शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।










