ADVERTISEMENT

कालाअंब के स्टील उद्योग में आयकर टीम की दबिश, फैक्टरी से कारोबारियों के घरों तक जांच की चर्चा

Khabron wala 

हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में स्टील कारोबार से जुड़ी एक इकाई में आयकर विभाग की कथित जांच तीसरे दिन भी जारी रहने की सूचना है।

एचएम स्टील से जुड़ी प्राइम स्टील इकाई में केंद्रीय टीम की मौजूदगी से लोहा कारोबारियों में हलचल बनी हुई है। बताया जा रहा है कि जांच का दायरा फैक्टरी परिसर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि संबंधित कारोबारियों के आवासीय परिसरों में भी पड़ताल की जा रही है।

जानकारी ये भी मिली है कि जिस वक्त आयकर विभाग ने रेड डाली, उसके बाद से अब तक किसी को भी न तो बाहर जाने दिया गया है और न ही किसी को अंदर आने दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई में 20 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम शामिल है। पिछले तीन दिनों से टीम फैक्टरी में विभिन्न दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच कर रही है। औद्योगिक परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही भी नियंत्रित रखे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, कार्रवाई से जुड़ी इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस मामले में ऊना जिले की एक स्टील कंपनी का नाम भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को वहां भी आयकर विभाग की टीम ने कथित कार्रवाई की थी। फिलहाल प्राइम स्टील इकाई में चल रही कार्रवाई का वास्तविक कारण और जांच का दायरा स्पष्ट नहीं हो पाया है।

गौरतलब है कि कालाअंब क्षेत्र में लोहा उद्योग पहले ही कई आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है। कच्चे माल की बढ़ती कीमतें, बिजली खर्च, परिवहन भाड़ा और दूसरे राज्यों के उद्योगों से प्रतिस्पर्धा के चलते उत्पादन लागत नियंत्रित रखना उद्योगपतियों के लिए मुश्किल बना हुआ है। ऐसे में आयकर विभाग की कथित कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में चर्चाओं के चिंता को बढ़ा दिया है।

इस तरह की जांच का असर संबंधित औद्योगिक इकाई के साथ उससे जुड़े कामगारों, ट्रांसपोर्टरों, सप्लायरों और छोटे कारोबारियों पर भी पड़ सकता है।

फिलहाल आयकर विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। न ही किसी तरह की बरामदगी, कर चोरी या वित्तीय अनियमितता की पुष्टि हुई है। ऐसे में जांच के अंतिम निष्कर्ष सामने आने तक तमाम चर्चाएं केवल अटकलों के दायरे में हैं।

 

Related Posts

Next Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *