Khabron wala
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में अम्ब उपमंडल के तहत आते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिपोह मिसरां के दो मेधावी विद्यार्थियों अभिनव मेहता और रूहानी धीमान ने 700 में से 698 अंक प्राप्त कर पूरे प्रदेश में संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया है। कोटला निवासी अभिनव मेहता ने अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और माता-पिता को दिया है। अभिनव के पिता महेश मेहता एक व्यवसायी हैं, जबकि माता शालू मेहता कुशल गृहिणी हैं। अभिनव का कहना है कि वे भविष्य में एक सफल इंजीनियर बनना चाहते हैं और देश के विकास में अपना योगदान देना चाहते हैं। बेटे की इस सफलता पर पूरे परिवार और गांव में जश्न का माहौल है।
रूहानी भी बनेगी इंजीनियर
वहीं, रूहानी धीमान ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपने गुरुजनों के साथ-साथ दादा ओंकार चंद धीमान, दादी उर्मिला धीमान और माता-पिता को दिया है। रूहानी एक उच्च शिक्षित परिवार से संबंध रखती हैं। उनके दादा ओंकार चंद धीमान शिक्षा विभाग से बतौर डिप्टी डायरैक्टर सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि पिता अरुण कुमार धीमान स्थानीय स्कूल में ही गणित के प्रवक्ता हैं। उनकी माता शायना धीमान गृहिणी हैं। रूहानी का लक्ष्य भी इंजीनियर बनना है। उनकी इस उपलब्धि से उनकी छोटी बहन अनन्या भी बेहद उत्साहित हैं। थड़ा (पंजोआ लडोली) निवासी इस परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।









